Advertisement

Ram Mandir: प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर हर मकान, दुकान, संस्थान हो प्रज्ज्वलित...दीपावली से भी ज़्यादा भव्य उत्सव के लिए यूपी सरकार ने जारी किया निर्देश

अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर खास तैयारियां हैं. सभी लोग बढ़ चढ़कर अपने-अपने तरीके से हिस्सा ले रहे हैं. इस बात को लेकर योगी सरकार ने कई निर्देश जारी किए गए हैं. इसमें कहा गया है कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद रात में पूरे प्रदेश में दीपोत्सव मनाया जाए.

Ram Mandir
शिल्पी सेन
  • अयोध्या,
  • 12 जनवरी 2024,
  • अपडेटेड 4:21 PM IST

यूपी सरकार ने अयोध्या में श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा उत्सव को लेकर बड़ी तैयारी की है. प्रदेश में इस दिन को एक पर्व की तरह मनाए जाने की तैयारी करते हुए कई निर्देश जारी कर दिए गए हैं. इसके लिए प्रदेशवासियों को प्रोत्साहित भी किया जा रहा है कि इस पर्व में बढ़-चढ़ कर हिस्सेदारी करें. इसके लिए हर घर, दुकान और प्रतिष्ठान को सजाया जाए और शाम को दीये जलाए जाएं. साथ ही अयोध्या में सरयू को दीपों से जगमग किया जाए.

दीपोत्सव से ज़्यादा बड़े स्तर पर होगा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव 22 जनवरी को होना है. यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पहले ही उस दिन शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया है. अब इस बात को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद रात में पूरे प्रदेश में दीपोत्सव मनाया जाए. यह दीपोत्सव दीपावली के पर्व पर अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव से ज़्यादा भव्य होगा. अयोध्या में इसकी विशेष तैयारी होगी. इसमें सरयू समेत सभी नदियों के तटों, मंदिरों, ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व के स्थलों पर दीप जलाए जाएंगे. साथ ही हर मकान, दुकान, संस्थान और प्रतिष्ठान में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे. इन दीपों की लौ को 'राम ज्योति' नाम दिया गया है. ऐसे में योगी सरकार की ओर से सभी प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वो सिर्फ घरों में ही नहीं, बल्कि अपने कार्यालयों और दुकानों में भी राम ज्योति को प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव पर्व का उत्सव मनाएं जिससे उस दिन पूरा वातावरण राममय हो जाए. 

घर में जलाना होगा दीप
सदियों की प्रतीक्षा के बाद भगवान राम पूरे वैभव के साथ अपने मंदिर में विराजने जा रहे हैं. इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर पूरे देश में तैयारी है लेकिन यूपी सरकार ने प्रदेश में इसे दीपावली से भी ज़्यादा भव्यता देने के लिए निर्देश दिए हैं. प्राण प्रतिष्ठा के बाद रात में हर एक देशवासी से अपने घर में दीप प्रज्ज्वलित करने की अपील की गयी है. 

ग्रीन आतिशबाज़ी को लेकर भी निर्देश 
यूपी के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की ओर से भी सभी विभागाध्यक्षों को इस संबंध में निर्देश जारी कर कहा गया है कि 22 जनवरी, 2024 को शाम के समय हर घर, घाट और मंदिर में दीपोत्सव का कार्यक्रम किया जाए. यही नहीं, प्रदेश के सभी कार्यालयों में 22 से 26 जनवरी तक विशेष प्रकाश की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है. इसके बाद ग्रीन आतिशबाजी की व्यवस्था की बात कही गई है. इस ऐतिहासिक अवसर पर लोग ग्रीन क्रैकर्स जला सकेंगे. 22 जनवरी को पूरे प्रदेश में शराब की दुकानें बंद रखने के भी निर्देश जारी करने के आदेश दे दिए गए हैं. 16 जनवरी से 22 जनवरी तक पूरे एक सप्ताह तक हर मंदिर में राम संकीर्तन आदि का आयोजन करने, कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के लिए अयोध्या में 50 अतिरिक्त स्क्रीन और डिजिटल बोर्ड की व्यवस्था करने और 14 से 22 जनवरी तक विशेष सफ़ाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं.
 

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement