Advertisement

साल 2017 के पहले जो राम-कृष्ण को नकारते थे, वो आज अयोध्या जाने के लिए मचल रहे हैं- सीएम योगी

यूपी के रामपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को निशाने पर लिया. सीएम योगी ने कहा कि साल 2017 के पहले जो रामभक्तों पर गोली चलाते थे, आज वो आस्था की वकालत कर रहे हैं. सीएम ने कांग्रेस पर कहा कि जो 2017 से पहले राम-कृष्ण को नकार चुके थे, वो भी आज कहते हैं कि राम तो सबके हैं. अब ये सब अयोध्या जाने के लिए मचल रहे हैं.

CM Yogi Adityanath (Photo/PTI)
समर्थ श्रीवास्तव
  • रामपुर,
  • 30 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:57 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामपुर में 690 करोड़ की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साल 2017 के पहले का रामपुर और साल 2017 के बाद का रामपुर आप सबके सामने है. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि एक समय था, जब यहां गरीबों की जमीनों पर कब्जा होता था. बाल्मीकि समुदाय को जमीनों से जबरन वंचित कर दिया जाता था. सत्ता जब निरंकुश होती है, अन्याय का पर्याय बन जाती है.

सपा सरकार में दलितों-गरीबों पर अत्याचार- सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी में यहां के दलितों-गरीबों की आवाज को उसी अन्यायी सत्ता ने बंद करने का काम किया था, जब भी सत्ता अन्यायी होते हैं तो जनता जनार्दन उसको पलट देती है. रामपुर से निकला संदेश पूरे प्रदेश में गया था, समाजवादी पार्टी की निरंकुश सत्ता को बदलने का काम हुआ, आज रामपुर को नई पहचान मिली.

न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि याद करिये, यही प्रदेश था, पहचान का संकट था, न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी सुरक्षित था. अन्नदाता किसान आत्महत्या करने को मजबूर था. नौजवान को रोजगार नही, कोई सरकारी विज्ञापन निकलता था तो चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी.

सीएम ने कहा कि न्यायालय को उसपर रोक लगानी पड़ती थी. विकास सड़क पुल के लिए सरकार के पास कोई पैसा नही होता था. विकास सिर्फ दो लोगों का होता था, या तो सैफई परिवार का या रामपुर के एक परिवार का, बाकी लोग वंचित रहते थे. इन्होंने सामाजिक ताने-बाने को छिन्न भिन्न कर दिया था. सीएम ने कहा कि उन्होंने जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ किया. विरासत को अपमानित करने के लिए समाजवादी पार्टी ने कोई कोर कसर नही छोड़ी थी.

पहले जन्माष्टमी पर रोक थी, अब नहीं है- सीएम योगी
सीएम ने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में विरासत का अपमान समाजवादी पार्टी की सरकार में होता था, वो कहते थे कांवड़ यात्रा नहीं निकलने देंगे, पर्व त्योहार के पहले दंगे फसाद उत्तर प्रदेश की पहचान बन गई थी. जन्माष्टमी नहीं करने दिया जाता था. आज कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा शानदार तरीके से होती है, कोई रोकटोक नहीं.

जय श्रीराम बोलने पर लाठी चलाते थे, अब आस्था की वकालत करते हैं- सीएम योगी
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि आज रामभक्ति की दुहाई कौन दे रहा है? 2017 के पहले जय श्रीराम बोलने पर जो लाठी मारते थे. 2017 के पहले जब उत्तर प्रदेश में रामभक्त कहता था कि 'रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे' तो वे रामभक्तों पर गोली चलाते थे, आज वो आस्था की वकालत करते दिखाई देते हैं. सीएम ने कहा कि ये आपकी ताकत है कि आज उनको आपका पिछलग्गू बनने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है.

उन्होंने कहा कि अब उन्हें अपने आपके कर्मों पर पश्चाताप होता होगा कि समाजवादी पार्टी गलत थी.

कांग्रेस पर बरसे सीएम योगी आदित्यनाथ-
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस जो 2017 के पहले राम-कृष्ण के अस्तित्व को नकार चुकी थी, आज वो भी कहते हैं कि राम तो सबके हैं. अब ये सब मचल रहे हैं, अयोध्या जाने के लिए. सीएम ने कहा कि प्रभु राम तो जग नियंता है, ब्रह्मांड के स्वामी हैं, वो भी जानते हैं कि सही कौन है,बुरा कौन?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामपुर में 609 करोड़ की लागत वाली 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया.

ये भी पढ़ें:


 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement