कुछ दिनों पहले कटिहार के डीएम उदयन मिश्र (DM Udayan Mishra) का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वो जमीन पर बैठकर बच्चों के साथ भोजन करते दिखे थे. अब रोहतास जिला के जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार (DM Dharmendra Kumar) का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वो पानी की टंकी पर चढ़ते दिखाई दे रहे हैं. लोग डीएम धर्मेंद्र कुमार के इस अंदाज को खूब पसंद कर रहे हैं और जमकर वीडियो को शेयर कर रहे हैं. चलिए बताते हैं कि आखिर मामला क्या है.
नल जल योजना का निरीक्षण करने पहुंचे थे डीएम
दरअसल में जल नल की गड़बड़ी की सूचना मिलने पर आज रोहतास डीएम दिनारा प्रखंड के हरिवंशपुर पंचायत पहुंचे थे. डीएम के साथ जिला स्तरीय टीम भी वहां थी. डीएम वहां पहुंचे और अचानक जल मीनार पर जांच करने के लिए खुद सीढ़ियों पर चढ़ने लगे. ऐसा करते देख वहां मौजूद बाकी के अधिकारियों में हड़कंप मच गया. बता दें कि इन दिनों नल जल योजना में लगातार शिकायतें मिल रही हैं. इसी शिकायत की जांच करने जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार वहां पहुंचे थे.
टंकी की क्वालिटी जांचने के लिए ऊपर चढ़े डीएम
लोगों ने बताया कि पानी की टंकी के ऊपर ही गड़बड़ी है. टंकी अच्छी क्वालिटी की नहीं है. साथ ही टंकी रखने के लिए जो लोहे का चदरा उपयोग किया गया है, वह भी निम्न गुणवत्ता का है. इतना सुनते ही जांच के लिए डीएम खुद सीढ़ियों के सहारे दनादन ऊपर चढ़ गए. डीएम को पानी की टंकी के ऊपर चढ़ता देख अन्य अधिकारियों को भी ऊपर चढ़ना पड़ा. और फिर पूरे मामले की जांच के बाद डीएम फर्राटे से सीढ़ियों के सहारे नीचे भी उतर गए. जिलाधिकारी के जोशीले अंदाज को देखकर सभी हतप्रभ हो गए. जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आज पूरा जिला प्रशासन दिनारा प्रखंड में चल रहे सरकार की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा कर रही है एवं स्थल पर जाकर तमाम योजनाओं की जांच कर रही है.
(सासाराम से मनोज सिंह की रिपोर्ट)