Advertisement

अपराधी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी, आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं करने देंगे- सीएम योगी

यूपी के सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग पहले गोलियां चलवाते थे, जो लोग पहले भगवान को नहीं मानते थे, वो आज बोलते हैं कि आस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है. सीएम ने कहा कि जो अपराधी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी. लेकिन हिंदू आस्था के साथ किसी को खिलवाड़ करने की छूट नहीं देंगे.

Yogi Adityanath
समर्थ श्रीवास्तव
  • सहारनपुर,
  • 01 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:27 PM IST

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया. इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज सड़कें बन रही है, एक्सप्रेस वे बन रहे हैं. सपा के समय में पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री में खर्च हो जाता था.

साल 2017 से पहले दंगे होते थे- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साल 2017 से पहले समाजवादी पार्टी की सरकार में दंगे होते थे. जबकि सरकार का ध्यान सिर्फ सैफई पर था. साल 2017 से पहले सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मथुरा,अलीगढ़ मेरठ में दंगे होते थे, दंगा कर्फ्यू हमारी नियत बन चुकी थी. कैराना, कांधला से पलायन होता था, ये सभी क्षेत्र हिंदू विहीन कर दिए गए थे.

ना बेटी, ना व्यापारी सुरक्षित थे- सीएम
सीएम योगी ने कहा कि उस दौर में न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी सुरक्षित था. कानून व्यवस्था तहस नहस हो चुकी थी. उन्होंने कहा कि 2011-12 में मुरादाबाद में डीआईजी पर हमला हुआ था, उपद्रवी मरा हुआ छोड़ गए थे. समाजवादी पार्टी ने उन उपद्रवियों पर मुकदमा नहीं चलाया, उनके केस वापस लेने का प्रयास कर रही थी. हमारी सरकार आई, हमने कहा- उपद्रवी छोड़े नहीं जाएंगे, पिछले दिनों हमने उन्हें सजा भी करवा दी है.

पहले कब्रिस्तान की बाउंड्री बनती थी, आज शाकुंभरी कॉरिडोर बन रहा- सीएम
सीएम ने कहा कि आज यहां मां शाकुंभरी के दर्शन करने जाइए, शानदार कॉरिडोर बन रहा है. यह 2017 के पहले सपना था. पैसा तब भी था, लेकिन उपयोग कहां करना है? इसके लिए विजन नहीं था. ये पैसा या तो सपा के गुर्गों के द्वारा खा लिया जाता था या यही पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री के लिए चला जाता था. यही कॉरिडोर आज उस पैसे से तैयार हो रहा है.

उनको सिर्फ एक गांव की चिंता थी- सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों में दृष्टि नहीं, उन लोगों ने विकास नहीं किया. जिन लोगों का स्वार्थी दृष्टिकोण था, वो लोग केवल अपने गांव तक सीमित थे, केवल एक गांव तक. सीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश में 1 लाख 05 हजार से अधिक राजस्व गांव हैं. लेकिन उन्हें केवल एक गांव सैफई की चिंता होती थी. सहारनपुर के किसी गांव कस्बे की चिंता नहीं होती थी. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब तो डबल इंजन की सरकार है, जब चिंता करती है तो सभी 1 लाख 7 हजार गांव,57 हजार ग्राम पंचायत, 825 विकासखंडों, सभी नगर निकायों, सभी जनपदों की चिंता करती है.

सीएम योगी ने कहा कि जाति के नाम पर बांटने वाले लोग आपको कमजोर कर रहे हैं. क्षेत्र के नाम पर बांटने वाले लोग कमजोर कर रहे हैं. इनके बहकावे में आने की आवश्यकता नहीं है.

जो गोलियां चलवाते थे, आज आस्था की बात करते हैं- सीएम योगी
सीएम ने कहा कि इनका दोहरा चरित्र देखिए. ये वो हैं जिनकी कभी आस्था नहीं थी, जो लोग हमेशा हिंदू आस्था को सांप्रदायिकता के साथ जोड़ते थे, जो कभी मां शाकुंभरी देवी का दर्शन करने नहीं गए. जो लोग काशी विश्वनाथ धाम, मथुरा वृंदावन का विरोध कर रहे थे, जिन्होंने रामजन्मभूमि आंदोलन का विरोध किया था, वहां भगवान राम का मंदिर न बने, उसके लिए एड़ी-चोटी लगाकर विरोध किया था. ये वे लोग हैं, जो कहते थे अयोधया में परिंदा भी पर नहीं मार सकता, लाखों रामभक्त कारसेवक के रूप में अयोध्या पहुंच गए थे. उन्होंने कहा कि जो लोग रामभक्तों पर जय श्रीराम बोलने पर लाठी, गोलियां चलाते थे, वे लोग आज बोलते हैं कि आस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है.

अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई होगी- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो अपराधी होगा, उसके खिलाफ कठोरता से कार्रवाई होगी. लेकिन हिंदू आस्था के साथ किसी को खिलवाड़ करने का छूट नहीं देंगे.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement