सहारनपुर के बेहट रोड स्थित माहेश्वरी खुर्द के पास बीजोपूरा गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कागज से भरे एक सीएनजी ट्रक में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन छू गई. लाइन के संपर्क में आते ही ट्रक में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों से घिर गया. हादसा इतना अचानक हुआ कि गांव में मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. कागज से भरे ट्रक में आग लगने के बाद हालात तेजी से बिगड़ने लगे. ट्रक आग का गोला बन गया और ड्राइवर ने उसे गांव के बीच से बाहर की तरफ ले जाना शुरू कर दिया.
जलता ट्रक गांव से बाहर ले गया ड्राइवर
ग्रामीण आसिफ के मुताबिक, ड्राइवर ने बड़ी हिम्मत दिखाई और जलते हुए ट्रक को गांव से बाहर मुख्य सड़क तक पहुंचाया. ट्रक को आग की लपटों में दौड़ता देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई. लोग अपने बच्चों और मवेशियों को रास्ते से हटाने लगे, ताकि कोई इसकी चपेट में न आ जाए. ड्राइवर ने बताया कि ट्रक सीएनजी वाला था. ऐसे में आग को गांव के बीच रोकना खतरनाक हो सकता था, क्योंकि अगर आग सीएनजी तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा होने की आशंका थी. इसी वजह से उसने जलते ट्रक को गांव से बाहर निकालना जरूरी समझा.
सड़क पर गिरता रहा जलता कागज और मलबा
ट्रक में लदा कागज आग की वजह से जलता रहा और रास्ते में गिरता गया. इससे सड़क पर काफी दूर तक जला हुआ कागज और मलबा फैल गया. ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि ट्रक में भरा कागज पूरी तरह जलकर राख हो गया और सड़क पर काफी दूर तक जला हुआ मलबा बिखरा रहा.
ग्रामीणों ने बड़े वाहनों को लेकर जताई चिंता
ग्रामीण आसिफ ने कहा कि गांव के अंदर से बड़े वाहनों का गुजरना नहीं होना चाहिए. उनके मुताबिक, आज तो बड़ा हादसा टल गया, लेकिन अगर ऐसी घटना दोबारा हुई और आग किसी अन्य वाहन या सीएनजी तक पहुंची तो स्थिति गंभीर हो सकती है. आसिफ ने बताया कि हाईटेंशन लाइन छूने के बाद ट्रक में आग लगी और ड्राइवर उसे पूरे गांव से बाहर लेकर आया. उन्होंने ड्राइवर की हिम्मत की भी तारीफ की. इस दौरान सड़क पर गिर रहे जलते मलबे से बच्चों और घोड़ों समेत लोगों और मवेशियों को रास्ते से हटाकर एक तरफ किया गया.