सहारनपुर में सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक ब्लूप्रिंट तैयार कर लिया है. एसएसपी अभिनंदन ने ट्रैफिक वार्डन, पुलिस अधिकारियों और स्वयंसेवकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने बताया कि सभी ने भरोसा दिलाया है कि भारी भीड़ और ट्रैफिक के दबाव के बावजूद पूरी टीम समन्वय के साथ ड्यूटी करेगी. 4 अगस्त को पड़ने वाले पर्व को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई है.
3 कंपनी PAC, RRF समेत जिले की पूरी पुलिस फोर्स तैनात
एसएसपी ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के लिए 3 कंपनी PAC, RRF समेत जिले की पूरी पुलिस फोर्स तैनात रहेगी. इसके अलावा बाहर से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया जा रहा है. सभी अस्थायी पुलिस चौकियों पर पुलिस कर्मियों के साथ SPO और ट्रैफिक वार्डन भी मौजूद रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे. पुलिस की वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी जवान लगातार निगरानी करेंगे.
ATS यूनिट भी तैनात की जा रही
उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ATS यूनिट भी तैनात की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सुरक्षा संबंधी इनपुट पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. अन्य सुरक्षा एजेंसियों का भी सहयोग लिया जाएगा. इसके साथ ही सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा करने वालों पर कड़ी नजर रहेगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है.
ये भी पढ़ें