Advertisement

घर के अंदर चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री, लाइव रेड में हथियार बनाते पकड़े गए कारीगर... 2 गिरफ्तार

घर के अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई, जहां खुलेआम हथियार बनाने का काम चल रहा था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने पूरी कार्रवाई का वीडियो भी बनाया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कारीगर पिस्टल तैयार कर रहे थे.

SAMASTIPUR MINI GUN FACTORY
जहांगीर आलम
  • समस्तीपुर ,
  • 07 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:08 PM IST

समस्तीपुर जिले के बंगरा थाना क्षेत्र में एक घर के अंदर चल रही मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो कारीगरों को गिरफ्तार किया है और मौके से निर्मित व अर्धनिर्मित हथियारों के साथ कई मशीनें और उपकरण बरामद किए हैं.

जानकारी के अनुसार, पटना एसटीएफ और बंगरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि डीह सरसौना गांव के एक घर में अवैध रूप से पिस्टल बनाई जा रही है. सूचना की पुष्टि होने के बाद दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की. घर के अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई, जहां खुलेआम हथियार बनाने का काम चल रहा था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने पूरी कार्रवाई का वीडियो भी बनाया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कारीगर पिस्टल तैयार कर रहे थे.

अवैध हथियार बनाकर बाजार में बेचते थे
जांच में सामने आया कि भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के नईसीढ़ीघाट निवासी राजेश चौधरी को खास तौर पर पिस्टल बनाने के लिए बुलाया गया था. वह अवैध हथियार बनाकर बाजार में 6 से 8 हजार रुपए में बेचता था. पुलिस ने मौके से दो तैयार पिस्टल, दो अर्धनिर्मित पिस्टल, तीन मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा पांच लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, आरी, छेनी, रेती और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल हथियार बनाने में किया जा रहा था.

मामले की जांच जारी
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डीह सरसौना निवासी दीपक कुमार सिंह और राजेश चौधरी के रूप में हुई है. एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह फैक्ट्री लगभग एक सप्ताह से संचालित हो रही थी. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है. जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement