Samastipur Railway Station Alcohol Seizure मॉडल की तरह दिख रही ये युवती, जिसे देखकर आपको भी लगेगा कि यह कोई सरकारी अधिकारी हैं. लेकिन ऐसा नहीं है. दरअसल इनके शराब के साथ पकड़े जाने का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मामले के सामने आने के बाद हर जगह इसकी खूब चर्चा हो रही है. समस्तीपुर रेलमंडल की आरपीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, जो नई दिल्ली से जयनगर जा रही थी, उसके एसी फर्स्ट क्लास में एक युवती शराब लेकर सफर कर रही है. सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और सीआईबी की टीम ट्रेन के समस्तीपुर स्टेशन पहुंचने का इंतजार करने लगी. ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही टीम ने एसी फर्स्ट के एच-1 कोच में छापेमारी कर तलाशी शुरू की. तलाशी के दौरान युवती के दो सूटकेस में शराब भरी मिली. इसके बाद युवती को उसके लगेज के साथ प्लेटफॉर्म पर ट्रेन से उतार लिया गया.
दो सूटकेस में मिली शराब
युवती को ट्रेन से उतारने के बाद स्टेशन पर उसके लगेज की तलाशी की गई. लगेज की तलाशी के दौरान पुलिस को कोई हैरानी नहीं हुई, क्योंकि गुप्त जानकारी के मुताबिक उसके दोनों सूटकेस से भारी मात्रा में शराब की बोतल बरामद हुई. बताया जा रहा है कि युवती नई दिल्ली से 75 लीटर ब्रांडेड शराब लेकर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से समस्तीपुर आ रही थी. आरपीएफ ने आगे की कार्रवाई के लिए युवती को शराब और लगेज के साथ जीआरपी के हवाले कर दिया. जीआरपी थाने में कांड दर्ज करने के बाद युवती और उसके साथ पकड़े गए एक युवक को जेल भेज दिया गया.
बारी गांव की रहने वाली है युवती
पकड़ी गई युवती की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया घाट थाना क्षेत्र के बारी गांव की रहने वाली नेहा कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, नेहा कुमारी नई दिल्ली से 75 लीटर ब्रांडेड शराब लेकर समस्तीपुर ला रही थी. उसके साथ हरियाणा के करनाल का रहने वाला ईशान कुमार भी एसी फर्स्ट क्लास में सफर कर रहा था. दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो और फोटो
मॉडल की तरह दिख रही युवती का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं. कुछ लोग महिलाओं के लिए लागू शराबबंदी कानून का जिक्र करते हुए सवाल उठा रहे हैं. लोगों का कहना है कि नीतीश कुमार ने महिलाओं को ध्यान में रखते हुए शराबबंदी कानून लागू किया था, ऐसे में युवती के शराब की तस्करी के काम से जुड़ने की बात चर्चा में है. युवती और उसके साथ पकड़े गए युवक को जेल भेजने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुट गई है. टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.
ये भी पढ़ें