Advertisement

Chhath 2025: सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर साधा निशाना, 'पीएम के लिए फिल्टर वाले पानी की नकली यमुना तैयार'.. मीडिया की 'नो एंट्री'

आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज ने यमुना नदी की सफाई को लेकर भाजपा पर करारा हमला बोला है. उनका कहना है कि इस पर्व पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ स्नान के लिए वासुदेव घाट पर 'नकली यमुना' तैयार की है.

gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 अक्टूबर 2025,
  • अपडेटेड 4:47 PM IST

छठ महापर्व को लेकर राजनीतिक गलियारे में रण तैयार हो गया है. आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज ने यमुना नदी की सफाई को लेकर भाजपा पर करारा हमला बोला है. उनका कहना है कि इस पर्व पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छठ स्नान के लिए वासुदेव घाट पर 'नकली यमुना' तैयार की है. साथ ही उन्होंने कहा कि इसमें वजीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पाइप लाइन के जरिए फिल्टर पानी भरा गया है. छठ पूजा 25 से 28 अक्टूबर तक मनाई जा रही है, जिसमें नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य शामिल हैं.

एक्स पर कर रहे एक्सपोज़
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी के लिए एक नकली यमुना बनाई गई है. इसमें वजीराबाद प्लांट से शुद्ध पीने वाला पानी भरा गया है और इसे वासुदेव घाट पर असली यमुना के बेहद नजदीक बनाया गया है, जिसमें प्रधानमंत्री डुबकी लगाएंगे. नकली यमुना असली यमुना के पास बनाई गई है ताकि पूर्वांचलियों को लगे कि यमुना साफ हो गई है. बिहार में यमुना और छठ के नाम पर वोट लेने के लिए बीजेपी यह फर्जीवाड़ा कर रही है. दिल्ली की भाजपा सरकार का यह फर्जीवाड़ा सिर्फ दिल्ली वालों के साथ नहीं, बिहार वालों के साथ नहीं, बल्कि छठ मैया के साथ भी है.'

मीडियो की 'नो एंट्री'
'आप' ने वासुदेव घाट पर यमुना के समानांतर बने आर्टिफिशियल घाट का वीडियो जारी किया है, जिसमें दावा किया गया है कि इसका निर्माण खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए किया गया है. यहां पीएम मोदी स्नान करेंगे. सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि वहां मीडिया की एंट्री नहीं होगी, सिर्फ सरकारी कैमरे होंगे. उन्होंने कहा कि यमुना का पानी नहाने लायक भी नहीं है. अगर कोई बच्चा आचमन कर ले तो उसकी मृत्यु तक हो सकती है. 

उनका कहना है कि नदी का पानी इतना दूषित है कि अगर कोई ज्यादा देर खड़ा रहता है तो वह बीमार हो सकता है. यमुना मैली है, यह बात प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों जानते हैं. ऊपर से नीचे पूरी सरकार फर्जीवाड़े में व्यस्त है.' अरविंद केजरीवाल ने सौरभ भारद्वाजा के X पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'BJP ने दिल्ली में छठ पर्व की आस्था का भी मजाक बना दिया है.'

भाजपा का पलटवार


दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सौरभ भारद्वाज के दावों को खारिज करते हुए पलटवार किया. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी 10 साल में 6500 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद यमुना साफ नहीं कर पाई. हमने घाटों पर सफाई अभियान चलाया है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नदी के किनारे छठ पर्व मनाने से प्रतिबंध हटा दिया है. अरविंद केजरीवाल और सौरभ भारद्वाज दिल्ली की जनता द्वारा AAP को खारिज किए जाने के दर्द से उबर नहीं पाए हैं.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement