Advertisement

राजस्थान सरकार ने जारी की नयी कोविड गाइडलाइन, जानिए कहां-कहां लगी पाबंदियां

राज्य सरकार द्वारा रविवार को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार राजस्थान में 9 जनवरी तक कक्षा 1 से 8 तक स्कूल बंद रहेंगे. इसके साथ ही शादी-विवाह, मेला, जुलूस, रैली में शामिल होने वाले लोगों की अधिकतम संख्या 100 की गई है.

राजस्थान कोविड गाइडलाइन
gnttv.com
  • जयपुर ,
  • 03 जनवरी 2022,
  • अपडेटेड 12:00 AM IST
  • राजस्थान में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने नई गाइडलाइन जारी की है. 
  • नए साल के पहले दिन राजस्थान में 52 नए ओमिक्रॉन मरीज सामने आए थे.

राजस्थान (Rajasthan) में कोरोना विस्फोट के मद्देनजर 3 जनवरी से कई पाबंदियां लगा दी गई हैं. संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने नई गाइडलाइन जारी की है. जिसके अनुसार जयपुर में कोविड विस्फोट को देखते हुए कल से 9 जनवरी तक कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों को बंद कर दिया है. अन्य जिलों में भी जिला कलेक्टर (DM) को यह अधिकार दिया गया है कि वह अपने स्तर पर इस बारे में निर्णय लें.  

बढ़ते कोरोना मामलों के मद्देनजर राजस्थान सरकार के गृह विभाग ने नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. कोचिंग संस्थानों में आने वाले बच्चों के अभिभावकों की अनुमति लेना अनिवार्य होगा.ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन स्टडी की सुविधा भी देनी पड़ेगी. सुरक्षा के लिए विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए 31 जनवरी तक डबल डोज लेना अनिवार्य कर दिया गया है. राज्य सरकार द्वारा रविवार को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार राजस्थान में 9 जनवरी तक कक्षा 1 से 8 तक ऑफलाइन क्लास नहीं होगी.

7 जनवरी से लागू होंगे प्रतिबंध 

इसके साथ ही शादी-विवाह, मेला, जुलूस, रैली में शामिल होने वाले लोगों की अधिकतम संख्या 100 की गई है. अंतिम संस्कार में केवल 20 लोग ही शामिल हो सकेंगे. यह सारे प्रतिबंध 7 जनवरी से लागू होंगे. इसी तरह धार्मिक स्थलों को कोविड गाइडलाइन की पालना करने तथा डबल डोज वैक्सीनेशन वालों को ही दर्शन की अनुमति देने को कहा गया है. जिन धार्मिक स्थलों पर ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था है उसे वैसे ही जारी रखा जाएगा. फूल-माला, प्रसाद, चादर और पूजन सामग्री नहीं चढ़ाई जा सकेगी. धार्मिक स्थलों को लेकर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है, जो कोविड गाइडलाइन के पालन को सुनिश्चित करवाएगी. 

राज्य में नाइट कर्फ्यू में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है लेकिन दुकानों, क्लबों, जिम , रेस्टोरेंट, मॉल और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से कहा गया है कि सभी स्टाफ वैक्सीनेट हो और उसकी सूचना भी डिस्पले पर प्रदर्शित करनी होगी. राजस्थान में जगह-जगह जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा ताकि लोग कोविड गाइडलाइन का सही ढंग से पालन कर सकें.  

डरा रहे हैं राज्य के आंकड़े 

राजस्थान में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है. रविवार को राज्य में कोविड-19 के 355 नए मामले सामने आए.  इसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 9 लाख 56 हजार 883 हो गई.  स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटे में इस घातक संक्रमण से राज्य में किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है. शनिवार को राजस्थान में 52 नए ओमिक्रॉन मरीजों की पुष्टि हुई थी. 

 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement