कभी आसमान नीला, कभी नारंगी और कभी गुलाबी दिखाई देता है, लेकिन सोचिए अगर दिन या शाम के वक्त आसमान खून की तरह लाल नजर आने लगे तो कैसा लगेगा. छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों से सामने आई ऐसी ही तस्वीरों और वीडियो ने लोगों को हैरान कर दिया है. सोशल मीडिया पर इस अजीब नजारे की चर्चा हो रही है. अब सवाल है कि आखिर आसमान का रंग अचानक लाल कैसे हो गया और क्या इसके पीछे चक्रवात अर्नब का हाथ है? तो चलिए आपको बताते हैं इन तस्वीरों का राज क्या है...
दरअसल, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आसमान के लाल दिखाई देने की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं. इन तस्वीरों में आसमान का रंग सामान्य से काफी अलग नजर आ रहा है. मौसम में बदलाव, तेज हवाओं और बारिश की आशंका के बीच सामने आए इस नजारे ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है. बताया जा रहा है कि मध्य भारत के कुछ इलाकों में आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश का खतरा बना हुआ था. इसी बीच आसमान के लाल रंग को लेकर सवाल उठने लगे कि क्या यह किसी बड़े मौसमी बदलाव का संकेत है.
क्या चक्रवात अर्नब की वजह से लाल हुआ आसमान?
रिपोर्ट्स में इस असामान्य नजारे को चक्रवात अर्नब से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, अभी तक ऐसी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे यह साबित हो सके कि आसमान के लाल होने की सीधी वजह चक्रवात ही था. मौसम में बदलाव के दौरान बादलों की स्थिति, हवा में मौजूद धूल और सूरज की रोशनी मिलकर आसमान के रंग को प्रभावित कर सकते हैं.
आखिर क्यों लाल दिखने लगता है आसमान?
आसमान लाल दिखने की सबसे बड़ी वजह सूरज की रोशनी का वायुमंडल में बिखरना है. सूर्योदय और सूर्यास्त के समय सूरज की रोशनी को वातावरण में ज्यादा लंबा रास्ता तय करना पड़ता है. इस दौरान नीली रोशनी ज्यादा बिखर जाती है, जबकि लाल और नारंगी रोशनी ज्यादा दिखाई देने लगती है. इसके अलावा, हवा में मौजूद धूल, धुआं, पानी की छोटी बूंदें और बादलों की स्थिति भी आसमान को लाल रंग का बना सकती है. तेज हवाओं और तूफान के दौरान वातावरण में बदलाव होने से यह नजारा और भी गहरा दिखाई दे सकता है. हालांकि, छत्तीसगढ़ में आसमान लाल दिखने की सटीक वजह की पुष्टि नहीं हुई है. इसे सीधे चक्रवात अर्नब से जोड़ने के लिए स्थानीय मौसम संबंधी आंकड़ों और वैज्ञानिक जांच की जरूरत होगी.
तेज हवाओं ने बढ़ाई चिंता
आसमान के इस अनोखे रंग के बीच कुछ प्रभावित इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और झोंकों के 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की खबरें भी सामने आई हैं. ऐसी तेज हवाओं से पेड़ गिरने, कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने और बिजली सप्लाई बाधित होने का खतरा रहता है. फिलहाल, लाल आसमान की वजह स्पष्ट नहीं है.
ये भी पढ़ें: