उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां बीबीडी थाना क्षेत्र में रहकर बीटेक सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहे 18 वर्षीय छात्र ने खुदकुशी कर ली. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उसने दम तोड़ दिया. पुलिस को मौके से एक भावुक सुसाइड नोट मिला है, जिसने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है.
कमरे से सुसाइड नोट बरामद
संतकबीरनगर जिले के महेरवा निवासी आदर्श मिश्रा उर्फ तुषार एक निजी कॉलेज का छात्र था. उसके पिता प्रमोद मिश्रा बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन हैं. छात्र के कमरे से बरामद सुसाइड नोट में लिखा है- मम्मी-पापा सॉरी, मैं आप लोगों को परेशान नहीं करना चाहता, सभी मुझे माफ कर देना. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
माता-पिता से फोन पर की थी सामान्य बातचीत
परिजनों के मुताबिक, शनिवार को गांव में रुद्राभिषेक का कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने आदर्श घर गया था. रविवार को पिता खुद उसे बस में बैठाकर लखनऊ रवाना करके आए थे. मंगलवार सुबह ही आदर्श ने माता-पिता से फोन पर सामान्य बातचीत की थी. इसके कुछ ही घंटों बाद दोपहर में दोस्तों के जरिए परिजनों को उसकी हालत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली. जब तक परिवार लखनऊ पहुंचा, आदर्श की सांसें थम चुकी थीं.
तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था
बीबीडी थाना प्रभारी राम सिंह ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश में घर पर किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है, जिसके बाद से छात्र मानसिक तनाव में था. पुलिस कॉल डिटेल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या के सटीक कारणों की पड़ताल कर रही है. आदर्श तीन बहनों के बीच इकलौता भाई था. घर में आने वाले त्योहारों को लेकर खुशियों का माहौल था और बहनें भाई की राह देख रही थीं, लेकिन इस बीच आई मनहूस खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया.