वर्दी में रील बनाना महिला थानाध्यक्ष को पड़ा भारी, अब निलंबन के आदेश जारी

पूर्णिया में सोशल मीडिया पर पुलिस वर्दी में रील बनाना महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी को काफी महंगा पड़ गया. पुलिस मुख्यालय के सख्त निर्देशों और तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की अनदेखी करने पर एसपी स्वीटी सहरावत ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

Female Station Officer Shabana Azmi Suspended
gnttv.com
  • पूर्णिया,
  • 22 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 10:55 PM IST

पूर्णिया में सोशल मीडिया पर वर्दी में रील बनाना चर्चित महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी को भारी पड़ गया. पुलिस मुख्यालय के सख्त निर्देशों और तय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की अनदेखी के मामले में एसपी स्वीटी सहरावत ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

वर्दी में रील्स साझा करने पर कार्रवाई
मामला पूर्णिया जिले का है, जहां महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार पुलिस वर्दी में रील्स और वीडियो साझा कर रही थीं. पुलिस मुख्यालय ने पहले ही साफ निर्देश जारी कर रखा है कि वर्दी में रील बनाना या किसी भी तरह का फोटोशूट करना नियमों के खिलाफ है. बताया जा रहा है कि मुख्यालय के संज्ञान में यह मामला आने के बाद इसकी जांच कराई गई. जांच में SOP के उल्लंघन की पुष्टि होने पर एसपी ने तत्काल निलंबन का आदेश जारी कर दिया.

पहले भी विवादों में रह चुकी हैं शबाना आजमी
शबाना आजमी का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है. जब वह कसबा थाना में एसआई के पद पर तैनात थीं और बाद में फणीश्वर नाथ रेणु टीओपी की प्रभारी बनीं, तब भी उनके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं. उन पर अपनी आधिकारिक कुर्सी पर परिजनों को बैठाने जैसे गंभीर आरोप भी लगे थे. इसके बावजूद, पुलिस मुख्यालय और डीजीपी की ओर से समय-समय पर दी गई चेतावनियों का उनकी कार्यशैली पर कोई खास असर नहीं दिखा.

एसपी का सख्त संदेश
पूर्णिया एसपी स्वीटी सहरावत ने इस मामले में साफ कहा है कि पुलिस की छवि और अनुशासन के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा वर्दी में रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने को लेकर पहले ही SOP जारी की गई है. इसी के उल्लंघन के आरोप में महिला थानाध्यक्ष शबाना आजमी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है.

पुलिस कर्मियों को चेतावनी
इस कार्रवाई के बाद जिले के सभी पुलिस कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे सोशल मीडिया पर वर्दी की गरिमा बनाए रखें और नियमों का पालन करें. एसपी ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही सामने आने पर और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.

(रिपोर्ट- सुमित कुमार) 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED