Advertisement

Surat News: पोर्टर ऐप से भेजी गई 1.64 लाख की सोने की चेन बदली, पार्सल खोलते ही उड़े होश, डिलीवरी बॉय हिरासत में

सूरत के उमरा इलाके में एक ज्वेलर द्वारा पोर्टर ऐप के जरिए बेटे को भेजी गई 1.64 लाख रुपये की सोने की चेन रास्ते में बदल दी गई. पार्सल खोलने पर सोने की जगह स्टील की चेन मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने आरोपी डिलीवरी बॉय को हिरासत में ले लिया है.

Surat News
संजय सिंह राठौर
  • सूरत,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:03 PM IST

दिवाली के मौके पर सूरत में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पोर्टर ऐप के जरिए भेजी गई 1.64 लाख रुपये की सोने की चेन कथित तौर पर रास्ते में बदल दी गई. पार्सल में सोने की जगह स्टील की चेन मिलने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है. उमरा पुलिस थाने के पुलिस इंस्पेक्टर आर एस देसाई ने इस मामले में फोन पर बताया कि आरोपी पोर्टर बॉय को हिरासत में ले लिया है और उसके पास से सोने की चेन की रिकवरी के लिए प्रक्रिया चल रही है.

1.64 लाख रुपये की सोने की चेन भेजी गई थी
यह मामला सूरत के उमरा इलाके का है. पार्ले पॉइंट स्थित श्री कृष्ण ज्वेलर्स के धवल भगवानभाई साठपरा ने 21 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 4 बजे से 4:45 बजे के बीच पोर्टर ऐप के जरिए एक पार्सल भेजा था. इस पार्सल में 11.330 ग्राम वजन की सोने की चेन थी, जिसकी अनुमानित कीमत 1,64,300 रुपये बताई गई है. इसे महिधरपुरा नगर शेरी में भेजा जाना था. धवल ने अपने बेटे के लिए यह चेन भेजी थी, जो महिधरपुरा में था. लेकिन जब बेटे ने पार्सल खोला, तो उसमें सोने की चेन की जगह स्टील की चेन मिली. इसके बाद परिवार को शक हुआ कि रास्ते में पार्सल के साथ छेड़छाड़ की गई है.

पार्सल खोलते ही सामने आया मामला
सोने की चेन की जगह दूसरी चेन मिलने के बाद धवल साठपरा ने मामले की शिकायत दर्ज कराई. 26 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे इस मामले में शिकायत की गई. इसके बाद सूरत ज्वेलरी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रतापभाई जिरावाला से संपर्क किया गया. धवल के मुताबिक, ज्वेलरी एसोसिएशन की मदद से दो दिनों के भीतर मामले को सुलझाने की दिशा में कार्रवाई हुई. प्रतापभाई जिरावाला ने जोन-6 के डीसीपी राजेश परमार को इसकी जानकारी दी. इसके बाद डीसीपी ने उमरा पुलिस स्टेशन से संपर्क किया और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू हुई.

उमरा पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर आर.एस. देसाई ने फोन पर बताया कि डिलीवरी बॉय को हिरासत में लिया गया है. पुलिस अब सोने की चेन बरामद करने की कोशिश कर रही है. मामले की जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज और पार्सल के रास्ते की भी पड़ताल की जा रही है. हालांकि, चेन बदलने के आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

कीमती सामान भेजते समय रखें सावधानी
इस घटना के बाद ज्वेलरी कारोबार से जुड़े लोगों ने सोना, चांदी और हीरे जैसी कीमती चीजें भेजते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है. ऐसे सामान को भेजने से पहले उसकी तस्वीरें और वजन का रिकॉर्ड रखना चाहिए. पैकिंग करते समय वीडियो बनाना और पार्सल को सुरक्षित तरीके से सील करना भी मददगार हो सकता है. डिलीवरी मिलने पर पैकेट की स्थिति जांचें और संभव हो तो उसे खोलते समय वीडियो रिकॉर्ड करें. साथ ही, सामान भेजने से पहले डिलीवरी सेवा की शर्तों और बीमा संबंधी नियमों की जानकारी जरूर लें.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement