सूरत के उधना इलाके में एक चाय की दुकान में चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पुलिस को भी हैरत में डाल दिया है. उधना के पटेल नगर स्थित 'नेशनल टी सेंटर' में आधी रात को एक शातिर चोर ने धावा बोला था. आमतौर पर चोर शटर तोड़कर या ताला काटकर अंदर घुसते हैं, लेकिन इस चोर का तरीका बिल्कुल अलग था.
दरअसल, चोर ने शटर को महज 7 इंच तक ऊपर उठाया और सांप की तरह रेंगते हुए दर घुस गया. इसके बाद अंदर घुसने के बाद चोर सीधा काउंटर की तरफ गया. उसने बड़ी चालाकी से काउंटर के दो दराज खोला और उसमें रखी सारी नकद राशि अपने पास रख ली थी. दुकान के ड्रॉवर से करीब 20,000 रुपये से ज्यादा की चोरी हुई है. सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह थी कि चोरी करने के बाद चोर को भागने की कोई जल्दी नहीं थी. उसने बड़े इत्मीनान से दुकान में रखे कोल्ड ड्रिंक के डिब्बे उठाए और एक के बाद तीन कैन पी गया. सीसीटीवी में उसका अंदाज ऐसा लग रहा था मानो उसने ड्रिंक्स के पैसे दिए हों और वह वहां आराम कर रहा हो.
सामान में बिखेरा कोल्ड ड्रिंक
चोर सिर्फ चोरी और ड्रिंक पीकर ही शांत नहीं हुआ. उसने दुकानदार को अतिरिक्त आर्थिक चोट पहुंचाने के लिए कोल्ड ड्रिंक के डिब्बों में बची हुई थोड़ी सी ड्रिंक काउंटर पर रखे महंगे सिगरेट के पैकेटों पर उड़ेल दी. ऐसा उसने शायद सबूत मिटाने या दुकानदार को ज्यादा नुकसान पहुंचाने के इरादे से किया. यह चोर दुकान में कुल 5 मिनट तक रहा था.
सांप की तरह रेंगता निकला चोर
अपना 'काम' और नाश्ता-पानी खत्म करने के बाद, वह फिर से उसी 7 इंच के छोटे से गैप के पास गया और सांप की तरह शरीर को सिकोड़ कर बाहर निकल गया था. इतनी छोटी जगह से इतनी फुर्ती से निकलना यह दर्शाता है कि उसे ऐसी चोरी करने की विशेष ट्रेनिंग या अभ्यास है. सुबह जब दुकान मालिक आया, तो उसने कैस काउंटर खाली देखा और काउंटर पर कोल्ड ड्रिंक फैला हुआ पाया. सीसीटीवी देखने पर यह पूरी चोरी विचित्र घटना सामने आई थी. चोरी का अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. लोग चोर की फ्लेक्सिबिलिटी देखकर दंग हैं. उधना थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है. पुलिस का मानना है कि यह कोई आदतन अपराधी हो सकता है जो छोटी जगहों का फायदा उठाने में माहिर है. पुलिस ने जल्द ही आरोपी को पकड़ने का विश्वास जताया है.
रिपोर्टर: संजय सिंह राठौड़
ये भी पढ़ें: