उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल एक बार फिर चर्चा में है. हालांकि इस बार वजह कोई वीआईपी दौरा या विदेशी पर्यटक नहीं, बल्कि बंदरों के दो वायरल वीडियो हैं. सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इन वीडियो में बंदर ताजमहल परिसर के वजू टैंक में मस्ती करते और नहाते दिखाई दे रहे हैं.
वजू टैंक में कूदते नहाते दिखे बंदर
करीब 12-12 सेकंड के इन वीडियो में देखा जा सकता है कि कई बंदर पहले टैंक के किनारे बैठते हैं और फिर अचानक पानी में छलांग लगा देते हैं. कुछ बंदर पानी में तैरते, खेलते और उछल-कूद करते नजर आ रहे हैं. बंदरों की इस हरकत को देखकर वहां मौजूद पर्यटक भी हैरान रह गए. कई लोगों ने इस नजारे को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया और देखते ही देखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. बंदरों की इस 'वाटर पार्टी' ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
पर्यटकों की जुटी भीड़
वीडियो वायरल होने के बाद ताजमहल परिसर में मौजूद पर्यटकों के बीच भी इस घटना की चर्चा शुरू हो गई. बंदरों को पानी में मस्ती करते देख कई लोग रुक गए और वीडियो बनाने लगे. कुछ लोगों ने इसे दिलचस्प बताया तो कुछ ने इसे ताजमहल परिसर में बढ़ती बंदरों की मौजूदगी से जोड़कर देखा.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद ताजमहल परिसर की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं. लोगों का कहना है कि यदि बंदर आसानी से वजू टैंक तक पहुंचकर उसमें उतर सकते हैं, तो उन्हें रोकने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं? पर्यटकों की सुरक्षा और ऐतिहासिक स्मारक के भीतर वन्य जीवों की आवाजाही को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.
ताजमहल प्रशासन ने शुरू की जांच
मामले को लेकर ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था. इसकी पड़ताल की जा रही है. उन्होंने यह भी साफ किया कि वीडियो में दिखाई देने वाला टैंक ताजमहल की मुख्य इमारत और मस्जिद के बीच स्थित है. इसे वजू टैंक कहा जाता है, जिसका उपयोग नमाज से पहले वजू यानी हाथ-पैर धोने की प्रक्रिया के लिए किया जाता है.
जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहें
फिलहाल बंदरों के ये दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं. एक ओर लोग इस अनोखे नजारे का आनंद ले रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ताजमहल परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं. अब सभी की नजरें प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं.
(रिपोर्ट- अरविंद शर्मा)
ये भी पढ़ें