Advertisement

बिहार में चोरों का गजब कारनामा, पूरा SBI एटीएम ही उखाड़ ले गए, पैसे निकालकर सुनसान इलाके में फेंक गए खाली मशीन

घटना वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के चक सिकंदर बाजार की है. यहां मेन रोड पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एटीएम को देर रात निशाना बनाया गया.

Hajipur: ATM cash stolen
gnttv.com
  • वैशाली,
  • 24 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:48 PM IST

बिहार के वैशाली में चोरों ने एटीएम को तोड़कर पैसे नहीं निकाले, बल्कि पूरी मशीन ही उखाड़कर अपने साथ ले गए. बाद में कैश निकालकर एटीएम को कई किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में फेंक दिया. घटना के बाद पुलिस, एफएसएल और एसआईटी की टीम जांच में जुटी है.

रस्सी से उखाड़ा एटीएम और कार में लादकर फरार
घटना वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के चक सिकंदर बाजार की है. यहां मेन रोड पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एटीएम को देर रात निशाना बनाया गया. जानकारी के मुताबिक, तीन से चार बदमाश सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे. उन्होंने रस्सी की मदद से पूरी एटीएम मशीन उखाड़ ली और उसे कार में लादकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि वारदात रात करीब दो बजे हुई.

पैसे निकालकर छोड़ गए मशीन
पुलिस के अनुसार, बदमाश एटीएम मशीन को सराय थाना क्षेत्र के एक सुनसान चौर में ले गए. वहां मशीन से कैश निकालने के बाद उसे लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक एटीएम में करीब एक लाख रुपये नकद थे. हालांकि, बैंक की ओर से अभी तक रकम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

सुबह लोगों ने देखा एटीएम
सुबह स्थानीय लोगों की नजर सुनसान इलाके में पड़ी एटीएम मशीन पर गई. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस के साथ एफएसएल और एसआईटी की टीम ने जांच शुरू की. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में तीन से चार अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है. सभी आरोपी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से आए थे. उनकी पहचान के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है. तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर है कि आखिर इस फिल्मी अंदाज में हुई चोरी का खुलासा कब तक हो पाता है.

ये भी पढ़ें

 

     

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement