मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है. विभाग के अनुसार 16 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज हवाएं चल सकती हैं जिनकी रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. वहीं 16 मार्च को उत्तराखंड में भी तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने की आशंका है. इसके अलावा 19 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की संभावना जताई गई है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 16 और 17 मार्च को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. वहीं 18 मार्च को हल्की बारिश होने के आसार जताए गए हैं. इसके बाद अगले तीन दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. 16 मार्च को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर
राजस्थान में 16 और 17 मार्च को मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन 18 मार्च से 21 मार्च के बीच पश्चिमी राजस्थान में मौसम सक्रिय हो सकता है. मौसम विभाग के अनुसार एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. 18 मार्च को जोधपुर और बीकानेर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 19 और 20 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है.
पूर्वोत्तर राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश
अगले 5 से 6 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं 16 मार्च को इन राज्यों में तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा 16 और 17 मार्च को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.
झारखंड के कई जिलों में बारिश और आंधी
झारखंड में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है. 16 मार्च को खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही तेज आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इसके अलावा चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, गुमला और सिमडेगा जिलों में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.