Advertisement

Weather Update 31 August 2026: बंगाल की खाड़ी में बना दबाव! इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD ने दी चेतावनी

आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया अगले 24 घंटे में उत्तर ओडिशा और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ सकता है. इसके साथ ही इससे जुड़ा एक ट्रफ झारखंड और बिहार होते हुए उत्तर-पश्चिम के राज्य उत्तर प्रदेश तक असर डाल सकता है और भारी बारिश यूपी के पूर्वी जिलों में हो सकती है.

IMD Rain Alert on 31 August 2026
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 31 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 7:21 AM IST

पिछले कुछ दिनों से देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल रहा है. वहीं मौसम विभाग ने 31 अगस्त 2026 के लिए भी कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव का क्षेत्र मौसम को प्रभावित कर रहा है. इसके असर से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने वाली हैं.

आईएमडी के मुताबिक, 31 अगस्त को ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश या मूसलाधार बारिश हो सकती है. वहीं बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

दिल्ली 
आईएमडी के 31 अगस्त के दिल्ली-एनसीआर पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अगस्त को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि बारिश की संभावना थोड़ी कम है. मौसम छिटपुट बारिश अनुमान है, लेकिन भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है.

उत्तर प्रदेश
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 31 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. आईएमडी ने कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की भी चेतावनी दी है. 30 अगस्त से 1 सितंबर तक गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 31 अगस्त को बारिश देखी जा सकती है, लेकिन पूर्वी यूपी के मुकाबले कम बारिश होगी.

बिहार
बिहार में 31 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. 31 अगस्त से 2 सितंबर के दौरान राज्य में कई जगहों पर बारिश का दौर बना रह सकता है. खैर आज राज्य के कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. 

झारखंड
झारखंड में 31 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 30 अगस्त से 2 सितंबर तक राज्य में कई इलाकों में बारिश होने की चेतावनी जारी की गई थी. वहीं पूर्वानुमान के हिसाब से 31 अगस्त को बारिश तो होगी ही, उसके साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. 

पश्चिम बंगाल
गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में 31 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. 30 और 31 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था. वहीं 30 अगस्त से 5 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिसका असर दूसरे राज्यों पर भी देखने को मिलेगा.

उत्तराखंड
उत्तराखंड में 30 अगस्त से 5 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है. 31 अगस्त को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 30 अगस्त से 1 सितंबर के बीच बहुत भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है. आईएमडी के मुताबिक, 30 अगस्त से 5 सितंबर के दौरान उत्तराखंड में गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है. 

ओडिशा
ओडिशा में 31 अगस्त का दिन मौसम के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है. राज्य में कुछ जगहों पर अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. 30 और 31 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं 1 सितंबर को भी कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. बारिश के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. 

छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में 31 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना है. आईएमडी के अनुसार, 30 अगस्त से 5 सितंबर तक राज्य में कई जगहों पर बारिश जारी रह सकती है. 31 अगस्त और 2 से 4 सितंबर के बीच भारी बारिश की संभावना है.

अरुणाचल प्रदेश
अरुणाचल प्रदेश में 30 अगस्त से 5 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश की संभावना मौसम विभाग के ओर से जताई गई है. 31 अगस्त को कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है.

असम और मेघालय
असम और मेघालय में 30 अगस्त से 5 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश का दौर बना रह सकता है. 31 अगस्त से 5 सितंबर के बीच भारी बारिश की संभावना है. वहीं 30 अगस्त के लिए भी बहुत भारी बारिश का अनुमान था. अब अगले 24 घंटे थोड़े भारी हो सकते हैं.

नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा
इन चारों राज्यों में 30 अगस्त से 5 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश की संभावना है. 31 अगस्त को बहुत भारी बारिश का असर बना रह सकता है, जबकि 1 से 5 सितंबर के बीच मूसलाधार बारिश होने की संभावना जताई गई है.

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. पूर्वी मध्य प्रदेश में 31 अगस्त से 5 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश की संभावना है. 31 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है. वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में 1 सितंबर तक कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है.

गुजरात
गुजरात क्षेत्र में 31 अगस्त से 5 सितंबर तक कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. इसी अवधि में सौराष्ट्र और कच्छ में भी छिटपुट बारिश हो सकती है. हालांकि 31 अगस्त के लिए आईएमडी के बुलेटिन में गुजरात में भारी बारिश का अलग अलर्ट नहीं दिया गया है.

महाराष्ट्र
कोंकण और गोवा में 31 अगस्त से 5 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र में 31 अगस्त से 3 सितंबर और 5 सितंबर को बारिश हो सकती है. 31 अगस्त को लेकर मध्य महाराष्ट्र के लिए अलग से भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं दिया गया है. हालांकि मराठवाड़ा में भी कुछ दिनों तक छिटपुट बारिश और गरज-चमक की संभावना है.

कर्नाटक
तटीय कर्नाटक में 30 अगस्त से 5 सितंबर तक कई जगहों पर बारिश की संभावना है. उत्तर आंतरिक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी बारिश हो सकती है. 30 अगस्त से 1 सितंबर के बीच इन इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है.

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना
तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 31 अगस्त से 3 सितंबर तक कुछ जगहों पर बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. तेलंगाना में भी 30 अगस्त से 5 सितंबर तक कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है.

तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 30 अगस्त से 5 सितंबर तक कुछ जगहों पर बारिश की संभावना है. 31 अगस्त से 2 सितंबर के बीच गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. केरल और माहे में भी बारिश का दौर रह सकता है, जबकि 4-5 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.

भारी बारिश से ये हो सकती है दिक्कतें
आईएमडी ने बताया है कि बहुत भारी और अत्यंत भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, निचले क्षेत्रों में बाढ़, स्थानीय भूस्खलन, मिट्टी खिसकने और दृश्यता कम होने जैसी स्थिति बन सकती है. तेज हवा और बारिश से पेड़ों की शाखाएं टूटने, कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने और सड़क व रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका भी है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement