TOP HEADLINES OF TODAY: 15 दिसंबर 2023 शुक्रवार की बड़ी खबरें
संसद भवन की सुरक्षा में लगी सेंध (parliament security breach) के मामले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के राज्यसभा स्थित कार्यालय में आज विपक्षी गठबंधन INDIA में शामिल नेताओं की बैठक हुई.
राजस्थान को आज 14वां मुख्यमंत्री मिल गया. राज्यपाल कलराज मिश्र ने नए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. वहीं दीया कुमारी और डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. जयपुर के रामनिवास बाग में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, बीजेपी शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत तमाम नेता मौजूद रहे.
सुप्रीम कोर्ट में मथुरा में शाही ईदगाह मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है. इलाहाबाद हाई कोर्ट ने शाही ईदगाह परिसर के सर्वे को मंजूरी देने का आदेश गुरुवार को पारित किया था. हाईकोर्ट के इस आदेश को शाही ईदगाह मस्जिद ने और सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. उन्होंने मांग की थी कि इलाहाबाद हाई कोर्ट की कार्रवाई पर रोक लगा दी जाए. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इसे यह कहते हुए इंकार कर दिया कि यह केस 9 जनवरी के लिए निर्धारित है, उसी दिन इस केस की सुनवाई होगी.
महुआ मोइत्रा को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है. सुनवाई के दौरान जब कोर्ट ने कहा कि उनको महुआ की अर्जी की फाइल पढ़ने का मौका नहीं मिला तो महुआ के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि वो सिनॉप्सिस पढ़कर कोर्ट को एसिस्ट कर सकते हैं. इस पर जस्टिस खन्ना ने कहा कि वो पहले खुद फाइल पढ़ेंगे तब सुनवाई करेंगे. इसके बाद सुनवाई तीन जनवरी तक टाल दी गई.
सोनभद्र के दुद्धी से बीजेपी विधायक रामदुलार गोंड़ को दुष्कर्म के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश ने 25 वर्ष कैद की सजा सुनाई है. कोर्ट ने दोषी विधायक पर 10 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है. बीजेपी विधायक पर 2014 में प्रधानपति रहते हुए एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का आरोप लगा था.
संसद की सुरक्षा में सेंध की घटना के मास्टरमाइंड ललित मोहन झाने दिल्ली पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है. पुलिस ने ललित को गिरफ्तार कर लिया है. वह महेश नाम के एक व्यक्ति के साथ गुरुवार रात दिल्ली के कर्तव्य पथ पुलिस स्टेशन पहुंचा था.
सुप्रीम कोर्ट निखिल गुप्ता की याचिका में हस्तक्षेप नहीं करेगा. अमेरिका ने निखिल गुप्ता पर भारत सरकार के एक अधिकारी के साथ मिलकर खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है. निखिल गुप्ता ने अमेरिका की तरह प्रत्यर्पण कार्यवाही में भारत सरकार से हस्तक्षेप की मांग की थी.
बॉलीवुड एक्टर श्रेयस तलपड़े को 14 दिसंबर की शाम को दिल का दौरा पड़ा. मुंबई के अंधेरी स्थित एक अस्पताल में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई है. एक्टर की पत्नी ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी करते हुए लिखा- मुझे यह बताते हुए राहत महसूस हो रही है कि श्रेयस की हालत अब स्थिर है और वह कुछ दिनों में डिस्चार्ज हो जाएंगे.'
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कर्नाटक के बेलगावी में आदिवासी महिला को नग्न कर घुमाने की घटना की निंदा की है. उन्होंने घटना स्थल का दौरा करने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है. कमेटी जल्द से जल्द अपनी रिपोर्ट पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेगी.
दक्षिण पूर्वी ईरान में बड़ा हमला हुआ है. अलगाववादियों ने रात के समय एक पुलिस स्टेशन को निशाना बनाया. इस हमले में 11 लोगों की मौत की खबर है. हाल के महीनों में ईरान में अलगाववादी समूहों ने कई छोटे-बड़े हमलों को अंजाम दिया है.