TOP HEADLINES OF TODAY: 11 दिसंबर 2023 सोमवार की बड़ी खबरें
जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का केंद्र सरकार का फैसला बरकरार रहेगा. सुप्रीम कोर्ट ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाए जाने को संवैधानिक रूप से वैध ठहराया है. सुप्रीम कोर्ट की 5 जजों की संविधान पीठ ने कहा - आर्टिकल 370 अस्थायी प्रावधान था. संविधान के अनुच्छेद 1 और 370 से स्पष्ट है कि जम्मू और कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है. भारतीय संविधान के सभी प्रावधान वहां लागू हो सकते हैं.

तृणमूल कांग्रेस नेता महुआ मोइत्रा ने कैश फॉर क्वेरी आरोप पर लोकसभा से निष्कासन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के आरोप में टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा को बीते शुक्रवार को संसद की सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया था.
मध्यप्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इसका फैसला आज हो जाएगा. नए मुख्यमंत्री के चयन के लिए पार्टी विधायक दल की बैठक से पहले मध्य प्रदेश के लिए भाजपा पर्यवेक्षक- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, भाजपा सांसद के. लक्ष्मण और पार्टी नेता आशा लाकड़ा भोपाल में पार्टी कार्यालय पहुंचे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्टिकल 370 पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया है और इसे ऐतिहासिक बताया है. प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा- "यह जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में हमारी बहनों और भाइयों के लिए आशा, प्रगति और एकता की एक शानदार घोषणा है. न्यायालय ने, अपने गहन ज्ञान से, एकता के मूल सार को मजबूत किया है जिसे हम, भारतीय होने के नाते, बाकी सब से ऊपर प्रिय मानते हैं और संजोते हैं."
ईडी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मनी लॉन्डरिंग मामले में पूछताछ के लिए छठी बार समन भेजा है. इससे पहले ईडी की तरफ से समन भेजे जाने के बावजूद सीएम उपस्थित नहीं हुए थे.
राजस्थान के लिए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह, सरोज पांडे और विनोद तावड़े विधायक दल की बैठक आयोजित करने के लिए 12 दिसंबर यानि मंगलवार को राज्य का दौरा करेंगे. इस तरह मंगलवार को साफ हो जाएगा कि राजस्थान का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा.
राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार को आरके पुरम में सुबह 8 बजे हवा की गुणवत्ता 346 दर्ज हुई.
मोहन यादव मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे. मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक रहे हैं. जगदीश देवड़ा और राजेश शुक्ला उप मुख्यमंत्री होंगे और नरेंद्र तोमर विधानसभा अध्यक्ष होंगे.