TOP HEADLINES OF TODAY: 3 जुलाई 2023 सोमवार की बड़ी खबरें

Top News: सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर में हिंसा को रोकने और कानून व्यवस्था को ठीक करने के लिए उठाए गए कदमों पर मणिपुर सरकार से विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट मांगी है. केंद्र और मणिपुर सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि राज्य में धीरे-धीरे स्थिति में सुधार हो रहा है.

gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 जुलाई 2023,
  • अपडेटेड 7:54 PM IST
  • महाराष्ट्र में जारी सियासी उथल-पुथल के बीच शरद पवार ने सोमवार को प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे को एनसीपी से निकाले जाने का फरमान जारी कर दिया है. एनसीपी ने महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले अजित पवार समेत 9 बागी विधायकों के खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के पास अयोग्यता याचिका भी दायर कर दी है. इस बीच, प्रफुल्ल पटेल ने जयंत पाटिल को एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाया और सुनील तटकरे को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का ऐलान कर दिया. वहीं, अजित पवार ने यह भी ऐलान कर दिया है कि राज्य में सत्तारूढ़ नए गठबंधन का नाम 'महायुति' होगा.

  • आम आदमी पार्टी (आप) नेता मनीष सिसोदिया को एक बार फिर से झटका लगा है. दिल्ली हाईकोर्ट ने सिसोदिया को कथित उत्पाद शुल्क नीति घोटाले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार को जमानत देने से इनकार कर दिया. उच्च न्यायालय ने ट्रायल कोर्ट के उस आदेश में कोई अवैधता नहीं पाई, जिसने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सिसौदिया को जमानत देने से इनकार कर दिया था. अदालत ने कहा कि आरोपी की राजनीतिक स्थिति को देखते हुए उसकी तरफ से गवाहों को प्रभावित करने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है.

  • केंद्रीय संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को सरकार की तरफ से 6G टेस्ट बेल्ट लॉन्च करने की घोषणा की. वैष्णव ने मीडिया को भारत 6जी एलायंस के बारे में जानकारी दी जिसमें 6जी पर काम करने के लिए उद्योग, शिक्षा जगत और भारत सरकार शामिल है. वैष्णव ने कहा कि सरकार ने टेराहर्ट्ज फ्रीक्वेंसी रेंज में 6G का टेस्ट बेल्ट लॉन्च किया है.

  • 2000 के नोट को वापस लेने के आरबीआई के नोटिफिकेशन को चुनौती देने वाली याचिका दिल्ली हाईकोर्ट की खंडपीठ ने भी खारिज कर दी. इससे पहले अश्विनी उपाध्याय की याचिका भी हाईकोर्ट के एकल जज पीठ ने यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि ये केंद्र सरकार और आरबीआई के बीच नीतिगत मामला है. राजेश भास्कर गुप्ता नाम के एक वकील ने इस अधिसूचना के खिलाफ दिल्ली में याचिका दायर की थी.

  • रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम आरआरटीएस पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए दिल्ली सरकार को फटकार लगाई है. कोर्ट ने प्रोजेक्ट पर अपने हिस्से का फंड मुहैया ना कराने पर नाराजगी जताते हुए दिल्ली सरकार से विज्ञापनों पर हुए और होने वाले खर्च का ब्योरा मांगा है. सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले 21 अप्रैल को दिल्ली सरकार को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS Corridor) के लिए 500 करोड़ रुपये का योगदान देने का निर्देश दिया था.

  • दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मिलेनियम सिटी सेंटर रखने का फैसला किया है. सोमवार को ही इस मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर गुरुग्राम सिटी सेंटर रखने की घोषणा की गई थी. यह मेट्रो स्टेशन दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन पर पड़ता है. डीएमआरसी ने कहा कि सभी आधिकारिक दस्तावेजों में नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसे धीरे-धीरे बदला जाएगा. 

  • सुप्रीम कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी बिजनेसमैन समीर महेंद्रू को 6 सप्ताह की मेडिकल के आधार पर दी गई जमानत के खिलाफ ED की अपील पर सुनवाई से इनकार कर दिया. सुप्रीम कोर्ट में कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा महिंद्रू को दी गई 6 हफ्ते की अंतरिम जमानत अगले दो-तीन हफ्ते में अपने आप समाप्त हो जाएगी. ऐसे में हम इस मामले में हस्तक्षेप करने के इच्छुक नहीं है.

  • मक्का से हज यात्रियों को लेकर पहली उड़ान सोमवार को दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंची. हज समिति की अध्यक्ष कौसर जहां ने दिल्ली एयरपोर्ट पर हज से लौटने वालों का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि हज से लौटने वालों के लिए हर संभव व्यवस्था की गई है और करीब चार हज उड़ानें और आनी हैं.

  • साल का पहला सुपरमून आज रात दिखाई देगा. धरती से 361,934  किलोमीटर दूर होने की वजह से आज का चांद और ज्यादा चमकीला दिखाई देगा. इसे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बक मून भी कहा जाता है.

  • सुप्रीम कोर्ट ने मणिपुर में हिंसा को रोकने और कानून व्यवस्था को ठीक करने के लिए उठाए गए कदमों पर मणिपुर सरकार से विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट मांगी है. केंद्र और मणिपुर सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि राज्य में धीरे-धीरे स्थिति में सुधार हो रहा है. सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि अब प्रभावित जिलों में कर्फ्यू भी कुछ घंटे के लिए ही रहता है. मामले में अगली सुनवाई 10 जुलाई को होगी.

  • राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक मामले में आज महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे में पांच जगहों की तलाशी ली. पुणे में एक और मुंबई में चार जगहों पर अभी भी तलाशी जारी है.

  • पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव से पहले हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं. पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में गोलीबारी और विस्फोट में 3 लोगों की जान चली गई. पश्चिम बंगाल में 8 जुलाई को पंचायत चुनाव होने वाले हैं.

  • आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में 108 नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाई. पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने 43 लाख लाभार्थियों को 6,393 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने के लिए जगन्नाना अम्मा वोडी योजना शुरू की थी.

Read more!

RECOMMENDED