TOP HEADLINES OF TODAY: 11 मई 2023 गुरुवार की बड़ी खबरें

Top headlines: दिल्ली सरकार बनाम उप राज्यपाल मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की संविधान पीठ ने दिल्ली में अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग के अधिकार को लेकर विवाद पर गुरुवार को फैसला सुनाया. अधिकारियों की तैनाती और उनके तबादले का अधिकार दिल्ली सरकार को मिल गया है.

Imran Khan
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 11 मई 2023,
  • अपडेटेड 7:05 PM IST

 

  • महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली सरकार को सुप्रीम कोर्ट से आज बड़ी राहत मिली है. सुप्रीम कोर्ट ने हालांकि यह भी माना कि उद्धव ठाकरे यदि मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा नहीं देते और फ्लोर टेस्ट का सामना करते तो उन्हें राहत मिल सकती थी, लेकिन बिना फ्लोर टेस्ट का सामना किए उद्धव ने इस्तीफा दिया इसलिए उन्हें कोई राहत नहीं मिलेगी. कोर्ट ने कहा कि शिंदे सरकार बरकरार रहेगी. सर्वोच्च न्यायालय ने राज्यपाल की कार्यशैली पर तल्ख टिप्पणी की है. कोर्ट ने कहा कि राज्यपाल ने संविधान के मुताबिक काम नहीं किया. सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि शिंदे गुट को शिवसेना पार्टी के चीफ व्हिप (मुख्य सचेतक) के रूप में नियुक्त करने का स्पीकर का फैसला अवैध था. स्पीकर को राजनीतिक दल द्वारा नियुक्त व्हिप को ही मान्यता देनी चाहिए.

  • पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व PM इमरान खान की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताते हुए उनकी रिहाई के आदेश जारी किए हैं. रिहाई के बाद इमरान ने कहा- मुझे हाईकोर्ट से अगवा किया गया था. मुझे इतना पीटा गया कि मैं बेहोश हो गया था. मेरे साथ एक अपराधी जैसा सलूक किया गया.' इमरान शुक्रवार को 11 बजे इस्लामाबाद हाईकोर्ट में पेश होंगे. रिहाई के बावजूद इमरान खान को अपने घर जाने की इजाजत नहीं मिली, बल्कि उन्हें पुलिस लाइंस गेस्ट हाउस में रहने को कहा गया है. सुप्रीम कोर्ट ने यह भी आदेश जारी किया है कि किसी भी आरोपी को कोर्ट परिसर से गिरफ्तार ना किया जाए. 

  • दिल्ली सरकार बनाम उप राज्यपाल मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की संविधान पीठ ने दिल्ली में अफसरों के ट्रांसफर-पोस्टिंग के अधिकार को लेकर विवाद पर गुरुवार को फैसला सुनाया. अधिकारियों की तैनाती और उनके तबादले का अधिकार दिल्ली सरकार को मिल गया है. कोर्ट के यह भी फैसला सुनाया कि उप राज्यपाल चुनी हुई सरकार की सलाह और मदद से प्रशासन चलाएंगे.

  • पूर्व केंद्रीय मंत्री और जदयू (JDU) नेता आर.सी.पी. सिंह केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए. उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर "कुर्सी" के लिए अपराध और भ्रष्टाचार से समझौता करने का आरोप लगाया.

  • दिल्ली की एक अदालत ने 2020 के दिल्ली दंगों से संबंधित एक मामले में दोषी ठहराए गए नौ लोगों को सात साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने कहा, "सांप्रदायिक दंगा... हमारे देश के नागरिकों के बीच बंधुत्व की भावना के लिए एक गंभीर खतरा है. सांप्रदायिक दंगों को सार्वजनिक अव्यवस्था के सबसे हिंसक रूपों में से एक माना जाता है."

  • इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय उपयोगकर्ताओं को अंतरराष्ट्रीय स्पैम कॉल के मामले में व्हाट्सएप को नोटिस भेजेगा. केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा है कि यह मंत्रालय के कार्य का हिस्सा है. हम सवाल पूछते रहते हैं. वह जवाब देंगे.

  • दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने भारतपे द्वारा दर्ज एक आपराधिक शिकायत के आधार पर अशनीर ग्रोवर, उनकी पत्नी माधुरी जैन व परिवार के अन्य सदस्यों पर एफआईआर दर्ज की है. कंपनी के पूर्व एमडी अशनीर पर भारतपे ने ₹81.28 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है.

  • राजस्थान के पूर्व डिप्टी CM सचिन पायलट पेपर लीक मुद्दे और करप्शन के खिलाफ पांच दिन की पदयात्रा निकाल रहे हैं. इस पदयात्रा के दौरान उन्होंने कहा, पिछले कुछ समय में लगातार पेपर लीक हुए। बात युवाओं के भविष्य की है. कौन-कौन लोग इस पेपर लीक के पीछे हैं मैंने ये बात उठाई थी. जांच पूरी हुई नहीं और कहा गया कि कोई अधिकारी कोई नेता इसमें शामिल नहीं है. बता दें, पायलट एक महीने में दूसरी बार अपनी ही सरकार के खिलाफ मैदान में उतरे हैं.

  • यूपी निकाय चुनाव में दूसरे दौर का मतदान आज संपन्न हो गया. दूसरे चरण में 38 जिलों की 370 नगरीय निकायों के 6,929 पदों के लिए चुनाव हुआ. 13 तारीख को चुनाव परिणामों की घोषणा होगी.

  • फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी के फिनिश शहर एस्पू में गुरुवार को एक ब्रिज के ढह जाने से लगभग 24 लोग घायल हो गए, जिनमें अधिकांश बच्चे थे. पुलिस ने बताया, प्लाईवुड से अस्थायी पुल बनाया गया था, क्योंकि क्षेत्र में निर्माण कार्य चल रहा था.

Read more!

RECOMMENDED