Advertisement

TOP HEADLINES OF TODAY: 18 जुलाई 2023 मंगलवार की बड़ी खबरें

breaking news in hindi: दो बार केरल के मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस नेता ओमन चांडी का मंगलवार तड़के बेंगलुरु में निधन हो गया. वो 79 साल के थे. उनके बेटे चांडी ओमन ने ओमान चांडी के निधन की जानकारी दी. चांडी काफी समय से बीमार चल रहे थे

gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 जुलाई 2023,
  • अपडेटेड 7:07 PM IST
  • दिल्ली में एनडीए की बैठक जारी है. इस बैठक में एनडीए के 38 सहयोगी दलों के नेता हिस्सा ले रहे हैं. बैठक से पहले पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि एनडीए एक 'टाइम टस्टीड अलायंस' है जो राष्ट्रीय प्रगति को आगे बढ़ाने और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करना चाहता है. बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री पलानीस्वामी, नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो समेत दूसरे वरिष्ठ नेताओं ने पीएम मोदी का स्वागत किया. एनडीए की इस बैठक को सत्तारूढ़ दल की तरफ से शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है.

  • 2024 आम चुनाव से पहले एकजुट हुए विपक्षी गठबंधन को नया नाम मिल गया है. विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम अब 'INDIA' होगा. इस INDIA का पूरा नाम है- इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इन्क्लूसिव अलायंस. 17 और 18 जुलाई को विपक्ष की इस बैठक में 26 राजनीतिक दल शामिल हुए.

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर में वीर सावरकर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की नई इंटीग्रेटेड टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन किया. प्रधानमंत्री ने कहा, "अब तक मौजूदा टर्मिनल की कैपेसिटी 4000 टूरिस्ट को हैंडल करने की थी. नया टर्मिनल बनने के बाद इस एयरपोर्ट पर हर रोज करीब-करीब 11000 टूरिस्ट को हैंडल करने की कैपेसिटी बन गई है. नई व्यवस्था में अब एयरपोर्ट पर एक साथ 10 विमान भी खड़े हो पाएंगे. 40,837 वर्ग मीटर के कुल निर्मित क्षेत्र के साथ नई टर्मिनल बिल्डिंग में व्यस्त समय के दौरान 1,200 यात्रियों और सालाना लगभग 40 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी. एयरपोर्ट की इस तीन मंजिला बिल्डिंग में 28 चेक-इन काउंटर, तीन यात्री बोर्डिंग ब्रिज और चार कन्वेयर बेल्ट होंगे.

  • दो बार केरल के मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस नेता ओमन चांडी का मंगलवार तड़के बेंगलुरु में निधन हो गया. वो 79 साल के थे. उनके बेटे चांडी ओमन ने ओमान चांडी के निधन की जानकारी दी. चांडी काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनका बेंगलुरु में इलाज चल रहा था. केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, विधानसभा अध्यक्ष ए. एन. शमसीर, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी.डी. सतीसन, केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन और दूसरे राजनैतिक दलों के नेताओं ने चांडी के निधन पर शोक जताया है. 

  • जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए. सेना और पुलिस ने सुरनकोट बेल्ट के सिंधरा टॉप इलाके में सोमवार रात संयुक्त अभियान चलाया. जम्मू जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) मुकेश सिंह ने कहा कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे मुठभेड़ फिर से शुरू हुई, जिसमें चार आतंकवादी मारे गए. मौके से चार एके-47 राइफलें, दो पिस्तौल और दूसरा सामान बरामद किया गया है. सर्च ऑपरेशन अभी जारी है.

  • सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस अपील पर 21 जुलाई को सुनवाई करने पर सहमति जताई जिसमें गुजरात हाईकोर्ट के सात जुलाई के फैसले को चुनौती दी गई है. चीफ जस्टिस डी. वाई. चंद्रचूड़, जस्टिस पी. एस. नरसिम्हा और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच ने राहुल गांधी की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट अभिषेक सिंघवी की तरफ से अपील को 21 या 24 जुलाई को सूचीबद्ध करने का अनुरोध करने के बाद याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जताई. बेंच ने कहा कि वो इस पर 21 जुलाई को सुनवाई करेगी. राहुल गांधी ने 15 जुलाई को दाखिल अपनी अपील में कहा है कि अगर फैसले पर रोक नहीं लगाई गई तो इससे बोलने की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति, विचार और बयान का गला घोंटा जा सकता है.

  • पाकिस्तानी सीमा हैदर और उसके प्रेमी सचिन से UP ATS पूछताछ कर रही है. सोमवार को भी सीमा, सचिन और सचिन के पिता से 8 घंटे तक पूछताछ की गई. सोमवार को हुई 8 घंटो की पूछताछ मे ATS को अहम जानकारी मिली है. भारत में अवैध रूप से रहने और उसे शरण देने के आरोप में गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने सीमा, सचिन और नेत्रपाल को तीन जुलाई को गिरफ्तार किया था.

  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय पंजीयक- सहारा रिफंड पोर्टल लॉन्च किया है. सहारा की सहकारी समितियों में जिन लोगों के रुपये कई सालों से डूबे हुए थे, उसे लौटाने के लिए ये पोर्टल शुरू किया गया है. 

  • लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को हराने के लिए बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- हम जानते हैं कि राज्य स्तर पर हममें से कुछ लोगों के बीच मतभेद हैं. ये मतभेद वैचारिक नहीं हैं. ये मतभेद इतने बड़े नहीं हैं कि हम आम आदमी और मध्यम वर्ग, युवाओं, गरीबों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के लिए इन्हें अपने पीछे नहीं रख सकते, जिनके अधिकारों को पर्दे के पीछे चुपचाप कुचला जा रहा है.

  • सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के चुनाव पर रोक लगाने के गुवाहाटी हाईकोर्ट के आदेश पर मंगलवार को स्टे लगा दिया. जस्टिस अनिरुद्ध बोस और जस्टिस एस. वी. भट्टी की बेंच ने हाईकोर्ट के 25 जून के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर केंद्रीय खेल मंत्रालय, भारतीय कुश्ती महासंघ, असम कुश्ती संघ और अन्य को नोटिस भी जारी किया. याचिकाकर्ता ‘आंध्र प्रदेश एमेच्योर कुश्ती एसोसिएशन’ के वकील ने बेंच को बताया कि एक तीसरा पक्ष हाईकोर्ट के सामने पेश हुआ और मामले पर रोक लगवा दिया गया. डब्ल्यूएफआई के चुनाव 11 जुलाई को होने थे लेकिन चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने का अधिकार दिए जाने का अनुरोध करने वाली असम कुश्ती संघ (एडब्ल्यूए) की याचिका के बाद गुवाहाटी हाईकोर्ट ने इस पर रोक लगा दी थी.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement