Advertisement

TOP HEADLINES OF TODAY: 2 मई 2023 मंगलवार की बड़ी खबरें

एनसीपी के दिग्गज नेता शरद पवार ने पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ने का ऐलान कर दिया है. मंगलवार को उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि कहां रुकना है.

शरद पवार
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 मई 2023,
  • अपडेटेड 8:03 PM IST

 

  • राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिग्गज नेता शरद पवार ने पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ने का ऐलान कर दिया है. अध्यक्ष पद से इस्तीफा देते समय शरद पवार ने कहा- "आज मैं एनसीपी के अध्यक्ष पद से रिटायर होने का फैसला करता हूं. एनसीपी में आगे एक समिति नियुक्त की जाएगी. मुझे पता है कि कहां रुकना है. मेरे पास सांसद के रूप में तीन साल बाकी हैं और मैं राज्य और केंद्र के मुद्दों को देखूंगा." आपको बता दें कि हाल ही में एनसीपी नेता और भतीजे अजित पवार से शरद पवार की मनमुटाव की खबरें सामने आई थीं. 

  • दिल्ली के रोहिणी कोर्ट शूटआउट के आरोपी गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की तिहाड़ जेल में हत्या कर दी गई है. जानकारी के मुताबिक, विरोधी गैंग के सदस्यों योगेश टुंडा और अन्य ने तिहाड़ जेल में हमला कर टिल्लू को मार गिराया है. बताया जा रहा है कि तिहाड़ जेल में ताजपुरिया पर रॉड से हमला किया गया. इस हमले में टिल्लू ताजपुरिया गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसके बाद उसे दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है. हालांकि तिहाड़ जेल प्रशासन ताजपुरिया की मौत की वजह अभी हार्ट अटैक बता रहा है.

  • कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्य के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मंगलवार को कांग्रेस का मैनिफेस्टो रिलीज किया. कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया है कि उनकी सरकार 200 यूनिट मुफ्त बिजली देगी. परिवार की प्रत्येक महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपए दिए जाएंगे. बेरोजगार स्नातकों को 2 साल के लिए 3,000 रुपए हर महीने और बेरोजगार डिप्लोमा धारकों को 1,500 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे. 

  • आईपीएल के दौरान स्टेडियम में बहसबाजी को लेकर विराट कोहली और गौतम गंभीर पर मैच फीस का 100 फीसदी जुर्माना ठोंका गया है. दोनों को लेवल-टू का दोषी पाया गया. इसके साथ ही लखनऊ सुपर जायंट्स से खेलने वाले अफगानिस्तान के गेंदबाज नवीन उल हक पर भी मैच फीस का 50 फीसदी जुर्माना लगाया गया है. बहसबाजी की घटना सोमवार रात की है जब लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आरसीबी के बल्लेबाज विराट कोहली और लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर गौतम गंभीर आपस में उलझ गए. इस मैच लखनऊ सुपर जायंट्स को सोमवार के मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा.

  • कर्नाटक चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच वार-पलटवार का सिलसिला तेज होता जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कर्नाटक के विजयनगर में एक चुनावी रैली में कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा- "इन लोगों ने पहले श्री राम को ताले में बंद किया, अब बजरंगबली को बंद करने की बात कह रहे हैं." प्रधानमंत्री ने कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र में बजरंग दल पर बैन लगाने वाले वादे पर पलटवार करते हुए ये बात कही. गौरतलब है कि कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव होंगे.

  • देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में बड़ी गिरावट आई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह जारी अपडेट के मुताबिक बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 3,325 नए मामले सामने आए. देश में कोरोना के ऐक्टिव मरीजों की संख्या 47,246 से घटकर 44,175 रह गई है.

  • भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर टेस्ट टीम की आईसीसी रैंकिंग में टॉप स्थान हासिल कर लिया है. इस सालाना अपडेट में 2019-20 सत्र के नतीजे शामिल नहीं है जबकि मई 2020 के बाद से खेली गई सारी सीरीज के नतीजे शामिल हैं. भारत इससे पहले दिसंबर 2021 में शीर्ष पर पहुंचा था लेकिन केवल एक महीने तक ही इस पायदान पर टिक पाया था. ऑस्ट्रेलिया  जनवरी 2022 से शीर्ष पर था जिसने इंग्लैंड को 4-0 से हराकर यह स्थान हासिल किया था. भारत और ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल में सात जून को ओवल के मैदान में एक दूसरे के सामने होंगे.

  • यूपी निकाय चुनाव में पहले चरण का प्रचार थम गया है. पहले चरण के लिए 4 मई को मतदान होगा. अतीक-अशरफ हत्याकांड के बाद पहली बार प्रयागराज पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने निकाय चुनाव में प्रचार किया. सीएम ने अतीक हत्याकांड का जिक्र किए बिना कहा- "प्रकृति ना अत्याचार सहती है ना करती है. सबका हिसाब यहीं बराबर कर देती है." सीएम योगी ने आगे कहा - 'यूपी में सब चंगा ही चंगा है. अब कोई किसी की जमीन पर कब्जा नहीं करता है.

  • मोदी सरनेम मामले में राहुल गांधी को गुजरात हाईकोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है. अदालत ने राहुल गांधी की याचिका पर आज अपना आदेश सुरक्षित रख लिया. कांग्रेस नेता की अर्जी पर अब गर्मी की छुट्टी के बाद सुनवाई होगी. गुजरात हाईकोर्ट में 5 मई को आखिरी वर्किंग डे है, इसके बाद हाईकोर्ट 5 जून को फिर से खुलेगा.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement