Advertisement

G-20 Summit से पहले यात्रियों को तोहफा, Delhi Metro के इस कार्ड पर असीमित बार सफर करने का मौका! ऐसे उठाएं नई सुविधा का लाभ

Delhi Metro में सफर के लिए टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड दो श्रेणियों में उपलब्ध होंगे. एक दिवसीय वैधता और तीन दिवसीय वैधता वाले टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड. एक दिवसीय वैधता वाले टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड की कीमत 200 रुपए है.

दिल्ली स्थित मेट्रो स्टेशन
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 5:59 PM IST
  • एक दिन की मान्यता वाला टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड 200 रुपए में मिलेगा
  • 4 से 13 सितंबर तक टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड की होगी बिक्री 

दिल्ली मेट्रो आगामी जी-20 सम्मेलन के मद्देनजर सोमवार को यात्रियों को एक नई सौगात देने जा रही है. दिल्ली दर्शन के इच्छुक जी-20 प्रतिनिधिमंडल और विदेशी पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) अपने चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों के विशेष काउंटरों से 4 से 13 सितंबर 2023 के बीच टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड की बिक्री करेगी. 

कई भी व्यक्ति खरीद सकता है टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस) अनुज दयाल ने बताया कि दिल्ली मेट्रो में अनगिनत फेरों के लिए मान्य ये टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड विभिन्न स्टेशनों पर बने विशेष काउंटरों से खरीदे जा सकते हैं. उन्होंने ने बताया कि यह टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड, एयरपोर्ट एसप्रेस लाइन को छोड़कर दिल्ली मेट्रो के समूचे नेटवर्क के मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध हैं. दिल्ली दर्शन का इच्छुक कोई भी व्यक्ति, दिन में किसी भी समय, किसी भी स्टेशन से इन कार्डों को खरीद सकता है.

दो श्रेणियों में उपलब्ध होंगे कार्ड
टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड दो श्रेणियों में उपलब्ध होंगे. एक दिवसीय वैधता और तीन दिवसीय वैधता वाले टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड. एक दिवसीय वैधता वाले टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड की कीमत 200 रुपए जबकि तीन दिन की वैलिडिटी वाला टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड 500 रुपए में मिलेगा. इस राशि में रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट के 50 रुपए भी शामिल हैं. 

टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड के ये होंगे फायदे
मेट्रो टेन में अनगिनत फेरों के अलावा ये कार्ड पर्यटकों के लिए बहुत फायदेमंद हैं, जिससे वे दिल्ली मेट्रो के समूचे नेटवर्क पर उस दिन की पहली ट्रेन से लेकर आखिरी ट्रेन तक में बिना किसी रुकावट के यात्रा कर सकते हैं. किसी भी स्टेशन पर प्रवेश/ निकास, सिस्टम में ज्यादा देर तक ठहरने, अधिक दूरी तक यात्रा करने आदि के लिए टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड पर कोई जुर्माना या अतिरिक्त चार्ज नहीं लगाया जाएगा.

इन पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकते हैं पर्यटक
दिल्ली मेट्रो नेटवर्क भारत का सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क और दुनिया के सबसे बड़े मेट्रो सिस्टम में से एक है, जो दिल्ली महानगर के लगभग सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों से जुड़ा है जिनमें लाल किला, जामा मस्जिद, अक्षरधाम मंदिर, कालकाजी मंदिर आदि कुछ उल्लेखनीय स्थल हैं. पर्यटक टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड के उपयोग से, दिल्ली मेट्रो के विभिन्न कॉरिडोरों पर यात्रा करके निर्बाध रूप से इन पर्यटन स्थलों तक पहुंच सकते हैं.

दिल्ली मेट्रो रेल ऐप को कर सकते हैं डाउनलोड
दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के बारे में अधिक जानकारी हासिल करने और अपनी यात्रा की योजना बनाने के लिए पर्यटक, गूगल प्ले स्टोर से 'दिल्ली मेट्रो रेल' ऐप को भी डाउनलोड कर सकते हैं. ऐप के होम पेज पर ही 'टूर गाइड' नाम का एक खास सेक्शन भी है, जहां से वे आस-पास के सभी स्टेशनों और पर्यटन स्थलों की सूची प्राप्त कर सकते हैं.

टूरिस्ट स्मार्ट कार्ड के विशेष काउंटर वाले दिल्ली मेट्रो स्टेशनों की लिस्ट
1. कश्मीरी गेट
2. नई दिल्ली 
3. केन्द्रीय सचिवालय 
4. जोर बाग 
5. जामा मस्जिद
6. मंडी हाउस
7. जेएलएन स्टेडियम
8. बाराखंबा रोड
9. सुप्रीम कोर्ट
10. सरोजिनी नगर
11. हौज खास
12. अक्षरधाम
13. चांदनी चौक
14. राजीव चौक
15. उद्योग भवन
16. दिल्ली हाट
17. दिल्ली गेट
18. जनपथ
19. जंगपुरा
20. आरके आश्रम मार्ग
21. इंद्रप्रस्थ
22. छतरपुर
23. नेहरू प्लेस
24. करोल बाग
25. टर्मिनल 1 आईजीआई हवाई अड्डा
26. चावड़ी बाजार
27. पटेल चौक
28. लोक कल्याण मार्ग
29. लाल किला
30. आईटीओ
31. खान मार्केट
32. लाजपत नगर
33. झंडेवालान
34. साउथ एक्सटेंशन
35. कुतुब मीनार
36. कालकाजी मंदिर


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement