Advertisement

जनमानस के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन से सिद्ध होती है प्रशासन की सफलता- सीएम योगी आदित्यनाथ

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने बीमारू छवि को समाप्त करते हुए बॉटलनेक से ब्रेकथ्रू स्टेट बनने तक की ऐतिहासिक यात्रा तय की है. उत्तर प्रदेश अपने प्रशासनिक, आर्थिक और संस्थागत स्ट्रक्चर को री-डिफाइन करते हुए विकास के नित्य नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है.

UP CM Yogi Adityanath (Photo/PTI)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 12:30 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनमानस के जीवन में आने वाले सकारात्मक परिवर्तन से प्रशासन की सार्थकता सिद्ध होती है. उन्होंने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर साधना शृंखला-2026 के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं.

सुशासन का संकल्प जनकल्याण के रूप में होता है साकार-
मुख्यमंत्री ने लिखा कि जनमानस के जीवन में आने वाले सकारात्मक परिवर्तन के सबसे महत्वपूर्ण संवाहक हमारे लोक सेवक हैं. जब प्रशासनिक तंत्र दक्ष, संवेदनशील एवं उत्तरदायी होता है, तभी शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचता है और सुशासन का संकल्प जनकल्याण के रूप में साकार होता है.

2017 से पहले की सरकार ने प्रदेश की कार्यसंस्कृति को किया था प्रभावित-
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व उत्तर प्रदेश सरकार की बीमार मानसिकता, परिवारवाद, तुष्टीकरण तथा भ्रष्टाचार को प्राथमिकता ने प्रदेश की प्रशासनिक दक्षता, कार्यकुशलता और कार्य-संस्कृति को गंभीर रूप से प्रभावित किया. अपराध, माफियाराज, नीतिगत उदासीनता और पहचान के संकट ने प्रदेश की असीम संभावनाओं पर ग्रहण लगा रखा था.

मिशन कर्मयोगी जैसी पहल से प्रशासनिक कार्यसंस्कृति को मिल रही नई दिशा-
मुख्यमंत्री ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार मिशन कर्मयोगी जैसी पहल के माध्यम से देश की प्रशासनिक कार्य संस्कृति को नई दिशा दे रही है. पिछले साढ़े 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने बीमारू छवि को समाप्त करते हुए बॉटलनेक से ब्रेकथ्रू स्टेट बनने तक की ऐतिहासिक यात्रा तय की है. उत्तर प्रदेश अपने प्रशासनिक, आर्थिक और संस्थागत स्ट्रक्चर को री-डिफाइन करते हुए विकास के नित्य नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है.

साधना श्रृंखला-2026 का शुक्रवार को होगा शुभारंभ-
मुख्यमंत्री ने लिखा कि इसी परिवर्तनकारी यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए आज राजधानी लखनऊ में केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में 8 राज्यों एवं 4 केंद्र शासित प्रदेशों की सहभागिता से दो दिवसीय क्षेत्रीय साधना शृंखला-2026 का शुभारंभ हो रहा है.

विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है कर्मयोगी उत्तर प्रदेश-
मुख्यमंत्री ने लिखा कि 'मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस' की भावना के अनुरूप कर्मयोगी उत्तर प्रदेश अंत्योदय के संकल्प को साकार करते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है. इसी विश्वास के साथ साधना शृंखला-2026 की सफलता के लिए आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement