उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा योजना) शुरू किया है. योजना के तहत पात्र युवाओं, जिनकी उम्र 21 वर्ष से 40 वर्ष के बीच है, उन्हें उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त और बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है.
10 लाख युवाओं को लाभ देने का लक्ष्य
योजना में परियोजना लागत पर 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान का भी प्रावधान है. सरकार का लक्ष्य प्रतिवर्ष एक लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है. अगले 10 वर्षों में करीब 10 लाख युवाओं को योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है. सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार तलाशने वाले की बजाय रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है, ताकि प्रदेश में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके.
नौकरी छोड़कर शुरू किया अपना काम
आइए मिलते हैं फिरोजाबाद के पुरुषोत्तम नगर के रहने वाले 30 वर्षीय सतीश चंद्र से, जो लकड़ी के विभिन्न तरह के उत्पाद तैयार करते हैं. सतीश चंद्र बताते हैं कि पहले वह किसी अन्य के यहां नौकरी किया करते थे, लेकिन डेढ़ वर्ष पहले उन्हें जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत 5 लाख रुपये मिले. इसके बाद उनकी जिंदगी में बदलाव आ गया. उन्होंने नौकरी छोड़कर अपना काम शुरू कर दिया. अब सतीश चंद्र लकड़ी के छोटे-छोटे ड्रम बनाते हैं, जिनकी कई जगह बिक्री होती है.
कांच और मोती की पॉलिश में आते हैं काम
सतीश चंद्र द्वारा तैयार किए जाने वाले लकड़ी के ड्रमों का इस्तेमाल कांच और मोती बनाने के बाद उनकी पॉलिश और सफाई के लिए किया जाता है. अपने काम को लेकर सतीश काफी खुश हैं. वह बताते हैं कि पहले कोई कमाई नहीं हो पाती थी, लेकिन अब वह हर महीने 20 से 25 हजार रुपये तक कमा लेते हैं. साथ ही उन्होंने अपने यहां तीन लोगों को रोजगार भी दिया है.
योजना ने बदली जिंदगी
सतीश चंद्र का कहना है कि मुख्यमंत्री युवा योजना ने उनकी जिंदगी बदलकर रख दी है. योजना के तहत मिली मदद से वह नौकरी छोड़कर अपना काम शुरू कर पाए और अब खुद के साथ दूसरे लोगों को भी रोजगार दे रहे हैं.
वहीं, जिला उद्योग केंद्र फिरोजाबाद के रिकॉर्ड के अनुसार, इस योजना के तहत करीब 2000 युवाओं को उनकी सहूलियत के हिसाब से ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है.
ये भी पढ़ें