यूपी चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. ऐसे में नेताओं के बयानों के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं. आज महाराजगंज में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और भारत सरकार के केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने एक बयान देकर मंत्रिमंडल के ब्राह्मण नेता, कैबिनेट मंत्री और समाजवादी पार्टी से बीजेपी में शामिल हुए मनोज पांडे का कद पार्टी में और बढ़ा दिया. एक ओर जहां विपक्ष ब्राह्मणों की नाराजगी का मुद्दा उठा रहा है, वहीं बीजेपी लगातार बयानों के माध्यम से यह बताने का प्रयास कर रही है कि उनकी पार्टी में ब्राह्मण नेताओं का कद हमेशा से बढ़ा हुआ है.
लाभार्थी जन संवाद सम्मेलन में कही ये बातो
आज जनपद महाराजगंज में पीजी कॉलेज के विशाल प्रांगण में आयोजित लाभार्थी जन संवाद सम्मेलन को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और भारत सरकार के केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि, "इस सम्मेलन में इतनी बड़ी संख्या में आए लोग और उनके चेहरे की चमक और खुशी अपने आप में बता रही है कि मोदी जी और योगी जी की योजनाओं से लोग खुश भी हैं और अपना आशीर्वाद भी दे रहे हैं."
मनोज पांडे की जमकर की तारीफ
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वह खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हैं. उन्होंने कहा कि मनोज पांडेय लाभार्थी सम्मेलन में आई जनता और लाभार्थियों के विचारों और सुझावों को गंभीरता से ले रहे हैं तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की भावना के अनुरूप पूरी ताकत से योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं. उन्होंने कहा कि यही रामराज्य की मूल भावना रही है.
'जनता के हितों के लिए लड़ने वाला मजबूत नेता'
पंकज चौधरी ने कहा कि वह खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय का अपने जनपद महाराजगंज में स्वागत और अभिनंदन करते हैं, क्योंकि उन्हें और उनकी पार्टी को मनोज कुमार पांडेय के रूप में जनता के हितों के लिए लड़ने वाला एक मजबूत नेता मिला है. उनके इस बयान के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं, खासकर तब जब कुछ दिन पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और उसके बाद मंत्री मनोज पांडे ने बटुकों का सम्मान कर ब्राह्मण समाज के बीच संदेश देने का प्रयास किया था.
योगी सरकार के कामकाज का किया जिक्र
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे देने वाला, सबसे अधिक सड़क निर्माण करने वाला, सबसे बड़ा रोजगार देने वाला और सबसे अधिक लघु औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने वाला राज्य बन चुका है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था की ऐसी मिसाल कायम हुई है, जिसका अनुसरण देश के अन्य राज्य भी कर रहे हैं.
मनोज पांडे ने विपक्ष पर साधा निशाना
प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि आजादी के 50 वर्षों तक देश और प्रदेश के विकास के धन को लूटने वाले लोगों ने सत्ता को कमाई का साधन बना रखा था. उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरियों में पैसा और जाति देखकर नियुक्तियां होती थीं तथा प्रतिभाओं का दमन किया जाता था. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की कतार में खड़ा है, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, भ्रष्टाचार और भय का माहौल खत्म हुआ है तथा 16 करोड़ लोगों तक बिना किसी बाधा के मुफ्त राशन पहुंच रहा है. साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की संकल्पबद्धता के कारण देश नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है.
ये भी पढ़ें