UP T20 League 2026 Schedule: इस दिन से शुरू होगा यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन, जानें पूरी डिटेल

उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया है. 14 अगस्त से 6 सितंबर तक लखनऊ और कानपुर में 34 मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि हर चौके-छक्के पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा.

up t20 league 2026
समर्थ श्रीवास्तव
  • लखनऊ,
  • 12 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:55 PM IST

उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के बढ़ते जुनून के बीच उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के कार्यक्रम का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. इस बार टूर्नामेंट पहले से ज्यादा भव्य होने जा रहा है, क्योंकि इसका आयोजन पहली बार दो शहरों, लखनऊ और कानपुर में किया जाएगा. इससे प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों को दो अलग-अलग शहरों में हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने का मौका मिलेगा.

14 अगस्त से शुरू होगा क्रिकेट का महाकुंभ
यूपीसीए की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में लिए गए फैसले के अनुसार, यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा. करीब 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे. इनमें 13 डबल हेडर और 8 सिंगल हेडर मैच शामिल होंगे.

टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह और पहला चरण लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे. वहीं, लीग का समापन और फाइनल मुकाबला कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा.

24 जुलाई को होगा मिनी ऑक्शन
यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के लिए 24 जुलाई 2026 को आगरा में मिनी ऑक्शन आयोजित किया जाएगा. इस नीलामी में 6 फ्रेंचाइजी के लिए कुल 45 खिलाड़ियों के स्लॉट उपलब्ध रहेंगे. इस ऑक्शन के जरिए टीमें अपने स्क्वॉड को और मजबूत करने का प्रयास करेंगी.

3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि, सुरेश रैना फिर होंगे ब्रांड एम्बेसडर
खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए इस साल भी टूर्नामेंट में कुल 3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है. इसमें विजेता टीम को 1 करोड़ रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 60 लाख रुपये दिए जाएंगे. वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना इस सीजन में भी लीग के ब्रांड एम्बेसडर की भूमिका निभाएंगे.

'हर बाउंड्री, एक नई हरियाली' अभियान की होगी शुरुआत
इस बार यूपीसीए ने खेल को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का भी अनूठा फैसला लिया है. चौथे सीजन की सबसे खास पहल 'हर बाउंड्री, एक नई हरियाली' अभियान होगी. इसके तहत टूर्नामेंट के दौरान लगाए गए हर चौके और हर छक्के के बराबर संख्या में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में वृक्षारोपण किया जाएगा.

उभरते खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने इस आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया है.

यूपीसीए का लक्ष्य इस लीग के जरिए राज्य के उभरते क्रिकेटरों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना और उत्तर प्रदेश को भारतीय क्रिकेट प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र बनाना है.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED