योगी सरकार उत्तर प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए खास पैकेज लेकर लाने जा रही है. इसका ऐलान सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ उनके स्वाभिमान और आर्थिक स्वावलंबन के लिए भी पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है. सरकार का मकसद है कि प्रदेश की हर महिला आत्मनिर्भर बने. साथ ही अपने पैरों पर खड़ी होकर परिवार को आर्थिक मजबूती दे सके.
महिलाओं की सुरक्षा है सबसे ऊपर
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए लगातार काम कर रही है. सरकार ने महिलाओं को सुरक्षित माहौल देने की दिशा में काम किया है और अब उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर खास तौर से ध्यान दे रही है. इसी को नजर में रखते हुए महिलाओं के लिए एक अच्छा पैकेज लाने की तैयारी है.
महिलाओं का आत्मनिर्भर बनाना है मकसद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदेश की हर महिला आत्मनिर्भर बने, अपने पैरों पर खड़ी हो और अपने परिवार का संबल बने. आर्थिक रूप से सक्षम होने पर महिलाएं न केवल परिवार की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकेंगी, बल्कि अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी.
सीएम ने कहा कि महिलाओं को केवल सुरक्षा देना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी जरूरी है. जब महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी और समाज में भागीदारी देंगी, तो समाज भी मजबूत बनेगा.
महिलाओं की आत्मनिर्भरता से विकसित होगा उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की आधी आबादी जब आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होगी, तभी उत्तर प्रदेश भी आत्मनिर्भर बनेगा. उत्तर प्रदेश के आत्मनिर्भर और विकसित होने से देश के विकास को भी नई गति मिलेगी, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के प्रत्येक नागरिक को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है.