Advertisement

UP: योगी सरकार का फैसला! नए साल से सरकारी कर्मचारियों को मानव संपदा पोर्टल से मिलेगी सैलरी, जानें क्यों बदले नियम

Manav Sampada Portal: योगी सरकार ने कर्मचारियों की ई-सर्विस बुक बनाने, उनकी अवकाश स्वीकृति, पदोन्नति व वार्षिक मूल्यांकन रिपोर्ट संबंधित कार्य मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से करने का निर्देश दिया है.  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
आशीष श्रीवास्तव
  • लखनऊ,
  • 05 नवंबर 2023,
  • अपडेटेड 7:03 PM IST
  • जनवरी 2024 के वेतन का भुगतान मानव संपदा पोर्टल से
  • पोर्टल के माध्यम से ही अवकाश की स्वीकृति 

योगी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है. उत्तर प्रदेश में राज्य सरकार के कर्मचारियों को नए वर्ष से वेतन का भुगतान मानव संपदा पोर्टल के जरिए किया जाएगा. उन्हें जनवरी 2024 को देय दिसंबर माह के वेतन का भुगतान इसी पोर्टल के जरिए किया जाएगा. इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल ने इस संबंध में सभी विभागों को निर्देश जारी किया है.

कई विभाग आदेश को कर रहे थे नजरअंदाज 
मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से कार्मिकों का सेवा विवरण अपडेट करने, मेरिट आधारित ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम बनाए जाने, वार्षिक मूल्यांकन रिपोर्ट (APR) प्रबंधन, वेतन आहरण, सेवा पुस्तिका आदि से संबंधित कार्य एक अक्टूबर 2023 से पोर्टल के माध्यम से ही किए जाने के लिए अगस्त में शासनादेश जारी किया गया था. लेकिन अधिकतर विभागों ने इस आदेश को नजरअंदाज कर दिया. 

सीएम योगी ने अख्तियार किया कड़ा रुख 
सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि दिसंबर माह का जो वेतन एक जनवरी को देय होगा, वह मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही जारी किया जाएगा. बताया गया कि ई-सर्विस बुक के रूप में परिवर्तित करते हुए सभी तरह के अवकाश और एसीपी आदि संबंधी कार्य भी 1 जनवरी 2024 से मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही किए जाएंगे. वर्ष 2023-24 की वार्षिक मूल्यांकन रिपोर्ट (एपीआर) मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही ऑनलाइन दाखिल करने के निर्देश हैं. स्थानांतरण की स्थिति में कार्यमुक्त किए जाने और कार्यभार ग्रहण करने की कार्रवाई भी मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से की जाए.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement