Advertisement

Kanpur News: 'पापा नागालैंड में देश की सेवा कर रहे और हम यहां गर्मी में तड़प रहे', बिजली के लिए सैनिक की बेटी ने वीडियो बना कर लगाया DM से गुहार

कानपुर देहात में सेना के जवान की बेटी ने घर में बिजली कनेक्शन न मिलने पर सोशल मीडिया के जरिए डीएम से मदद की गुहार लगाई है, जिसपर आसमां को जांच का भरोसा दिया गया है.

DM से मदद मांगती आसमां
तनुज अवस्थी
  • कानपुर,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:19 PM IST

उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से एक भावुक मामला सामने आया है, जहां सेना में तैनात एक जवान की बेटी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर जिलाधिकारी से घर में बिजली कनेक्शन दिलाने की अपील की है. बच्ची का कहना है कि उसके पिता नागालैंड में देश की सेवा कर रहे हैं, लेकिन उनके अपने घर में अब तक बिजली नहीं पहुंची. अकबरपुर के कृष्णा नगर निवासी आसमां खान ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 24 अप्रैल 2026 को नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था. आरोप है कि आवेदन के कई महीने बाद भी उनके घर में बिजली का कनेक्शन नहीं लगाया गया. अब वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वीडियो में कही ये बात
आसमां खान की कक्षा 6 में पढ़ने वाली बेटी आयत ने सोशल मीडिया पर दो वीडियो पोस्ट किए हैं. वीडियो में वह कहती है, 'डीएम अंकल, मैं एक सैनिक की बेटी हूं. मेरे पिता इस समय नागालैंड में देश की सेवा कर रहे हैं. मेरा घर अकबरपुर में डीएम आवास के बहुत पास है, फिर भी हमारे घर में बिजली नहीं है. भीषण गर्मी में मैं और मेरे भाई-बहन बहुत परेशान हैं. गर्मी की वजह से पढ़ाई भी ठीक से नहीं हो पाती और रात में सोने में भी दिक्कत होती है. कृपया हमारी समस्या समझिए और जल्द बिजली की व्यवस्था कराइए. आपकी मदद से हमें बहुत राहत मिलेगी.'

आर्थिक तंगी और बच्चों की पढ़ाई पर असर
आसमां खान का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है. उनके पति सेना में तैनात हैं और लंबे समय तक घर से बाहर रहते हैं. घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है. बिजली नहीं होने की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और भीषण गर्मी में पूरे परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि घर के पास ही बिजली का खंभा लगा हुआ है, इसलिए तकनीकी रूप से कनेक्शन देने में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए.

82 हजार रुपए के एस्टीमेट का दावा
आसमां खान ने बताया कि उनके पति कई बार बिजली विभाग गए, लेकिन हर बार उन्हें यही कहा गया कि उनका घर प्लॉटिंग क्षेत्र में आता है. विभाग की ओर से करीब 82 हजार रुपए का एस्टीमेट बताया गया, जो उनके परिवार की आर्थिक क्षमता से बाहर है. उनका कहना है कि जब तक यह राशि जमा नहीं होगी, तब तक कनेक्शन नहीं दिया जाएगा.

सोलर पैनल से चल रहा काम, लेकिन नहीं मिल रही पूरी राहत
महिला ने बताया कि परिवार ने मजबूरी में सोलर पैनल लगवाया है, जिससे थोड़ा-बहुत काम चल जाता है. हालांकि, धूप न होने पर पैनल भी ठीक से काम नहीं करता. घर में सभी जरूरी सामान मौजूद हैं, लेकिन नियमित बिजली सप्लाई न होने की वजह से उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है.

डीएम ने जांच का दिया भरोसा
इस मामले पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि मामला अब उनके संज्ञान में आया है. उन्होंने बताया कि वह बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता से बात करेंगे और पूरे मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे. अब सभी की नजर इस बात पर है कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन इस परिवार की समस्या का समाधान कब तक कर पाता है.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement