Advertisement

हल्द्वानी में रामलीला मैदान के शुद्धिकरण पर सियासी बवाल, कांग्रेस के दलित अपमान के आरोपों पर श्री राम सेना की सफाई

हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मैदान के शुद्धिकरण पर सियासी बवाल मचा है. मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे दलितों का अपमान बताया. इसके बाद इस पर शुद्धिकरण कराने वाले श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास ने सफाई दी है. संगठन का कहना है कि पूरे आयोजन को दलित विरोधी बताना तथ्यों से परे है.

रामलीला मैदान शुद्धिकरण विवाद
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 14 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 4:21 PM IST

हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान के शुद्धिकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है. कांग्रेस इसे दलित विरोधी मानसिकता से जोड़ते हुए सरकार पर निशाना साध रही है. वहीं, शुद्धिकरण कराने वाले श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक लाभ और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास बताया है.

'शुद्धिकरण' मसले पर संगठन की सफाई-
संगठन के अध्यक्ष गिरीश पांडे ने स्पष्ट किया कि शुद्धिकरण का उद्देश्य किसी जाति या समुदाय को निशाना बनाना नहीं था. उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान धार्मिक आयोजनों के लिए निर्धारित है, लेकिन वहां राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम के दौरान धार्मिक भावनाओं से जुड़े नारे भी लगाए गए और रैली समाप्त होने के बाद मैदान में गंदगी समेत पेशाब से भरी बोतलें भी पड़ी मिलीं.

गिरीश पांडे ने बताया कि संगठन ने पहले मैदान की सफाई कराई और उसके बाद वहां यज्ञ का आयोजन किया. उन्होंने कहा कि इस यज्ञ में अनुसूचित जाति समाज के लोग भी सहभागी रहे. ऐसे में पूरे आयोजन को दलित विरोधी बताना तथ्यों से परे है.

दलित विरोध से जोड़कर बनाया जा रहा सियासी मुद्दा- गिरीश
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा इस धार्मिक अनुष्ठान को दलित विरोध से जोड़ना केवल राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास है. संगठन का कहना है कि यज्ञ का उद्देश्य मैदान की स्वच्छता और धार्मिक पवित्रता बनाए रखना था, न कि किसी जाति या समुदाय का अपमान करना.
उन्होंने कहा कि इस यज्ञ में अनुसूचित जाति समाज से जुड़े अंकित पाल, नंदकिशोर आर्य, विनोद आर्य और मोहित आर्य समेत कई लोग उपस्थित रहे. संगठन ने कहा कि इन तथ्यों के बावजूद आयोजन को दलित विरोधी बताना समाज में अनावश्यक विवाद और भावनाएं भड़काने का प्रयास है.

ये भी पढ़ें:

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement