Advertisement

Vadodara News: चलती ट्रेन में आया हार्ट अटैक, वडोदरा से सूरत जा रहे यात्री की अस्पताल ले जाते समय मौत

जिंदगी कब कौन-सा मोड़ ले ले, कोई नहीं जानता. वडोदरा के अनिलभाई सूरत की ओर सफर पर निकले थे, लेकिन चलती ट्रेन में आए हार्ट अटैक ने उनकी जिंदगी की यात्रा हमेशा के लिए खत्म कर दिया.

Vadodara News
gnttv.com
  • वडोदरा,
  • 05 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:00 PM IST

सफर के दौरान कब क्या हो जाए, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता. गुजरात में एक ऐसा ही दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां वडोदरा से सूरत जा रहे एक यात्री की चलती ट्रेन में अचानक तबीयत बिगड़ गई. सीने में तेज दर्द उठने के बाद ट्रेन को इमरजेंसी में रुकवाया गया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उनकी मौत हो गई. इस घटना से परिजनों के साथ-साथ ट्रेन में मौजूद यात्रियों में भी शोक की लहर दौड़ गई.

सूरत जा रहे थे अनिलभाई जाबक
जानकारी के अनुसार, वडोदरा निवासी अनिलभाई खेमराजभाई जाबक किसी निजी काम से सूरत जा रहे थे. वह सुबह करीब 9 बजे पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा कर रहे थे. यात्रा के दौरान करजन तहसील के लाकोदरा गांव के पास अचानक उनके सीने में तेज दर्द शुरू हो गया, जिससे ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई. यात्री की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही ट्रेन के कंट्रोल रूम ने तुरंत लाकोदरा स्टेशन को जानकारी दी. सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर रामदेव झा ने तत्परता दिखाते हुए पश्चिम एक्सप्रेस को लाकोदरा स्टेशन पर इमरजेंसी स्टॉप दिलवाया. इसके बाद अनिलभाई को तुरंत ट्रेन से उतारा गया.

108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
ट्रेन से उतारने के बाद अनिलभाई को 108 एम्बुलेंस की मदद से तत्काल करजन सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों को सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी. इस घटना ने ट्रेन में सफर कर रहे अन्य यात्रियों और स्थानीय लोगों को भी झकझोर कर रख दिया.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement