इंडियन एयर फोर्स की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर वाराणसी के नमो घाट पर भव्य एयर शो शुरू हो चुका है. इसे देखने के लिए नमो घाट के दूसरी तरफ चंदौली में गंगा नदी के किनारे दर्शकों के लिए खास व्यवस्था की गई है. यहां बैरिकेडिंग कर अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं, ताकि लोग सुविधाजनक तरीके से खड़े होकर एयर शो का आनंद ले सकें. एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का भी ध्यान रखा गया है. घाट के किनारे जगह-जगह वॉच टावर बनाए गए हैं, जहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. इसके अलावा पूरे इलाके में 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. घाट के पास एक अस्थायी सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनाया गया है. यहां पुलिस अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी कैमरों से मिल रही लाइव फीड के जरिए पूरे इलाके की निगरानी कर रहे हैं.
भीड़ प्रबंधन के लिए घाट को अलग-अलग हिस्सों में बांटा
एयर शो के दौरान चंदौली की तरफ की गई सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण से बातचीत की गई. उन्होंने बताया कि भीड़ प्रबंधन इस व्यवस्था का अहम हिस्सा है. घाट को कई हिस्सों में बांटा गया है, ताकि सभी दर्शक आसानी से खड़े होकर शो देख सकें और एक जगह भीड़ इकट्ठा न हो. डीआईजी के मुताबिक, बैरिकेडिंग इस तरह कराई गई है कि जरूरत पड़ने पर पुलिस बल आसानी से मौके पर पहुंच सके. अगर किसी दर्शक की तबीयत खराब होती है, तो एंबुलेंस भी बिना परेशानी के वहां पहुंच सकेगी. वॉच टावरों पर तैनात पुलिसकर्मी लगातार स्थिति पर नजर रखेंगे.
अलग-अलग रास्तों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग
डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि एयर शो से पहले कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए गए हैं. वाराणसी के अलावा जौनपुर, गाजीपुर और भदोही जैसे सीमावर्ती इलाकों से आने वाले लोगों को रिंग रोड के रास्ते पार्किंग तक भेजा जाएगा. वहीं, चंदौली जिले के भीतर से आने वाले ट्रैफिक, जैसे मुगलसराय शहर और रेलवे स्टेशन की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है. दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग भी अलग-अलग निर्धारित की गई है.
डीआईजी ने बताया कि कोशिश की जा रही है कि दर्शकों को कम से कम पैदल चलना पड़े और वे आसानी से एयर शो देख सकें. इसके लिए तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है. घाट पर लगाए गए 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की लाइव फीड अस्थायी कंट्रोल रूम में पहुंच रही है. यहां मौजूद अधिकारी पूरे इलाके की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं, ताकि भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा सके.
ये भी पढ़ें