Advertisement

लूट की अनोखी वारदात, कर्ज के दबाव में शिक्षक बना अपराधी, 'बहुत कर्जा लिए हैं, 10 हजार दे दो' कह के मांगता रहा पैसे

कर्ज के बोझ तले दबे एक निजी स्कूल शिक्षक द्वारा लूट की कोशिश का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. आरोपी गौतम पटेल हेलमेट पहनकर एक जनसेवा केंद्र पहुंचा और संचालक पर पिस्टल तानकर अपनी मजबूरी बताते हुए 10 हजार रुपये की मांग करने लगा.

लूट की अनोखी बारदात
gnttv.com
  • वाराणसी,
  • 10 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:25 PM IST

वाराणसी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां लूट की कोशिश का तरीका सुनकर लोग भी चौंक गए. यहां एक शख्स जनसेवा केंद्र पर पिस्टल लेकर पहुंचा और संचालक को धमकाते हुए पैसे मांगने लगा. लेकिन हैरानी की बात यह रही कि लूट के दौरान वह अपनी मजबूरी भी बताता रहा. हालांकि, संचालक की समझदारी से वारदात सफल नहीं हो सकी और आरोपी को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

जनसेवा केंद्र पर पहुंचा हेलमेट पहने युवक
यह मामला वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजीसराय स्थित एक जनसेवा केंद्र का है. रोज की तरह केंद्र संचालक जावेद अली अपने काम में लगे थे. इसी बीच 9 मई की रात करीब 8 बजे हेलमेट लगाए एक युवक वहां पहुंचा. पहले वह कुछ देर तक इधर-उधर घूमता रहा और माहौल को समझने की कोशिश करता दिखा.

कुछ समय बाद उसने केंद्र पर लगी ग्रिल के पास पहुंचकर अचानक पिस्टल निकाल ली और जावेद अली पर तान दी. 'बहुत कर्जा लिए हैं, 10 हजार दे दो'
लूट की कोशिश के दौरान आरोपी का अंदाज भी लोगों को चौंकाने वाला था. उसने पिस्टल दिखाते हुए कहा, 'कैश दो... दो यार... बहुत कर्जा लिए हैं... 10 हजार दे दो.' आरोपी न सिर्फ पैसे मांग रहा था, बल्कि अपनी आर्थिक परेशानी का भी जिक्र कर रहा था. कुछ पल के लिए जावेद अली ने घबराने के बजाय सूझबूझ दिखाई. उन्होंने आरोपी को बातों में उलझाए रखा और फिर अचानक शोर मचा दिया.

भागने लगा आरोपी, लोगों ने पकड़ लिया
शोर सुनते ही आरोपी वहां से भागने लगा. लेकिन जावेद अली ने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया. बाहर निकलने के बाद आसपास के लोगों ने भी मदद की और आरोपी को पकड़ लिया गया. इसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और फिर पुलिस को सूचना देकर उसे सौंप दिया.

पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली जानकारी
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान गौतम पटेल पुत्र शिवकुमार पटेल के रूप में हुई, जो वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव का रहने वाला है. जांच में पता चला कि आरोपी किसी गैंग का बदमाश नहीं, बल्कि एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक है. बताया गया कि उस पर काफी कर्ज हो चुका था और उसे किस्तें भरनी पड़ रही थीं. इसी वजह से उसने लूट की कोशिश की और सिर्फ 10 हजार रुपये मांगे थे. जनसेवा केंद्र पर हुई यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.

(रिपोर्ट- रोशन कुमार)
 

ये भी पढ़ें 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement