एक मोटरसाइकिल पर आखिर कितने लोग सवार हो सकते हैं? आम तौर पर जवाब होगा दो. कुछ लोग तीन या चार की बात भी कर सकते हैं, लेकिन क्या आपने कभी एक ही बाइक पर नौ लोगों को सवार होते देखा है? कटनी जिले से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है.
महिलाओं और बच्चों सहित नौ लोग सवार
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक मोटरसाइकिल पर कुल नौ लोग बैठे हैं. चालक महिलाओं और बच्चों सहित सभी को बैठाकर बाइक चला रहा है. बच्चों के हाथ में पिचकारी नजर आ रही है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि परिवार होली पर्व की खरीदारी कर लौट रहा था.
हैरानी की बात यह है कि चालक को जरा भी इस बात की चिंता नहीं दिखी कि इतनी अधिक सवारी बैठाकर चलना किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकता है. यह दृश्य न केवल चौंकाने वाला है, बल्कि यातायात नियमों की खुली अनदेखी भी दर्शाता है.
नंबर प्लेट से कटनी जिले का मामला
मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट पर अंकित नंबर MP 21 ZE 8630 से स्पष्ट होता है कि यह वाहन कटनी जिले में पंजीकृत है. माना जा रहा है कि मामला जिले के किसी ग्रामीण क्षेत्र का है. एक ही बाइक पर नौ सवारियां देखकर किसी राहगीर ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग इसे लापरवाही बता रहे हैं तो कुछ लोग इसे खतरनाक स्टंट करार दे रहे हैं. कई यूजर्स ने इस पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की है.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
वीडियो वायरल होते ही पुलिस भी हरकत में आ गई है. यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडे ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. संबंधित वाहन चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि नियमों के तहत उचित कार्रवाई की जाएगी.
यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि थोड़ी सी लापरवाही किस तरह बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी है.
(रिपोर्ट- अमर ताम्रकार)
ये भी पढ़ें