Advertisement

Bulandshahr News: शादी की खुशी में चलाईं 17 गोलियां... 4 साल बाद हुआ वीडियो वायरल, आरोपी के लिए दबिश दे रही पुलिस

युवक के सिर चढ़ी शादी की ऐसी खुशी की लगातार करी फायरिंग. 4 साल बाद वीडियो हुआ वायरल हो युवक से ज्यादा हथियारा की हो रही चर्चा. पुलिस ने टीम गठित कर शुरू की खोज.

हर्ष फायरिंग करता आरोपी शादाब
मुकुल शर्मा
  • बुलन्दशहर,
  • 08 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:41 PM IST

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शादी समारोह के दौरान पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग करने का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. खास बात यह है कि जिस शादी का वीडियो वायरल हुआ है, वह करीब चार साल पुराना बताया जा रहा है. अब पुलिस दूल्हे की तलाश कर रही है और उस हथियार को भी बरामद करने की कोशिश में जुटी है, जिससे फायरिंग की गई थी.

जानकारी के मुताबिक, वीडियो में दिखाई दे रहे युवक का नाम शादाब बताया जा रहा है. वह बुलंदशहर के खुर्जा स्थित तरीनान मोहल्ले का रहने वाला है. शादाब की शादी साल 2022 में हुई थी. शादी के दौरान वह सिर पर सेहरा और गले में मोतियों की माला पहने नजर आ रहा है.

खुशी में पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग

शादी के जश्न के दौरान शादाब ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर लगातार फायरिंग शुरू कर दी. वायरल वीडियो में वह महज 5 से 6 सेकंड के अंदर करीब 15 से 16 बार फायरिंग करता दिखाई दे रहा है. इस दौरान शादी समारोह में गोलियों की आवाज सुनाई देती है.

हथियार को लेकर भी उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद इस बात की भी चर्चा शुरू हो गई कि आखिर फायरिंग में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया था. कुछ लोग इसे जिगाना पिस्टल बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे प्रतिबंधित हथियार बता रहे हैं. हालांकि, हथियार की सही पहचान और उसकी वैधता को लेकर पुलिस की जांच जारी है.

वीडियो वायरल होते ही पुलिस सक्रिय

बताया जा रहा है कि 7 सितंबर की दोपहर से वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज किया. वायरल वीडियो के आधार पर युवक की पहचान की गई और उसकी गिरफ्तारी के साथ हथियार बरामद करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं.

फिलहाल पुलिस शादाब की तलाश में जुटी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के साथ उस हथियार को बरामद करना भी जांच का अहम हिस्सा है, जिससे शादी समारोह में इतनी तेजी से फायरिंग की गई थी.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement