Advertisement

Shaurya Yatra: अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले देश भर में विश्व हिंदू परिषद की शौर्य यात्राएं शुरू, जानिए क्या है इसका उद्देश्य

शौर्य यात्रा के दौरान विहिप कार्यकर्ता गांव-गांव में जाएंगे और अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जानकारी देंगे. इस दौरान मंदिर आंदोलन की याद भी दिलाएंगे. साधु-संतों और लोगों को आनंद उत्सव मनाने के लिए आमंत्रित करेंगे.

अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले विश्व हिंदू परिषद की शौर्य यात्राएं शुरू
शिल्पी सेन
  • लखनऊ,
  • 30 सितंबर 2023,
  • अपडेटेड 11:52 AM IST
  • विश्व हिंदू परिषद ने 5 लाख से ज्यादा गांवों में पहुंचने की बनाई योजना  
  • पूरे देश में राममय माहौल बनाने की तैयारी में जुटा संघ 

अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले संघ परिवार तैयारी में जुट गया है.  जनवरी 2024 में होने वाले रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उत्सव को घर-घर में पहुंचाने के लिए विश्व हिंदू परिषद 30 सितंबर 2023 से देशभर में शौर्य यात्राएं निकाल रहा है. शौर्य यात्रा में विहिप के कार्यकर्ता शामिल होंगे. विश्व हिंदू परिषद शौर्य यात्राओं के जरिए मंदिर आंदोलन की याद दिलाएगा.

गांव-गांव में जाएंगे विहिप कार्यकर्ता 
शौर्य यात्रा के दौरान विहिप कार्यकर्ता गांव-गांव में जाएंगे और प्राण प्रतिष्ठा की जानकारी देंगे. इसमें हिंदुत्व के अन्य मुद्दों लव जिहाद, धर्मांतरण जैसे मुद्दे को भी उठाएंगे. रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उत्सव के लिए लोगों को जानकारी देंगे, साधु-संतों और लोगों को आनंद उत्सव मनाने के लिए आमंत्रित करेंगे.

2500 से ज्यादा शौर्य यात्राएं निकालने की योजना
देश भर में 2500 से ज्यादा शौर्य यात्राएं निकालने की योजना है. 30 सितंबर से शुरू होने वाली शौर्य यात्राओं में आगे विश्व हिंदू परिषद के बड़े पदाधिकारी भी शामिल हुए. 

हिंदुत्व का माहौल बनाने की तैयारी में विश्व हिंदू परिषद
यात्रा की व्यवस्था की जिम्मेदारी विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल को दी गई है. हालांकि संघ प्रमुख मोहन भागवत ने लखनऊ में अपनी बैठक में संघ परिवार के सभी संगठनों को इसके लिए सहयोग करने का निर्देश दिया था. विश्व हिंदू परिषद पूरे देश में हिंदुत्व का माहौल बनाने की तैयारी में जुटा है. 

जगह-जगह होंगी धर्म सभाएं
यात्रा के दौरान जगह-जगह धर्म सभाएं होंगी. जाति की जगह हिंदुत्व को आधार बताकर लोगों से प्राण प्रतिष्ठा और शौर्य यात्रा में जुड़ने की  अपील की जाएगी. सीधे तौर पर ये यात्रा राम मंदिर निर्माण से पहले संघ परिवार की तैयारी है. लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले हिंदुत्व के मुद्दों को लोगों के बीच फिर संघ ले जाना चाहता है.

हिंदू समाज के लिए सबसे बड़ा उत्सव
विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता शरद शर्मा ने बताया कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव हिंदू समाज के लिए सबसे बड़ा उत्सव है. इसकी जानकारी घर-घर में पहुंचाने के लिए शौर्य यात्राओं के जरिए लोगों के बीच जाएंगे. जन जागरण हमेशा से हमारा उद्देश्य रहा है. हिंदू समाज के अलग-अलग मुद्दों को लेकर लोगों को जागरूक करने का काम इन यात्राओं के जरिए होगा.

(गुड न्यूज टुडे चैनल को WhatsApp पर फॉलो करें.)
 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement