भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की भविष्यवाणी के अनुसार, दक्षिण भारत में अगले 4-5 दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि उत्तरी राज्यों में तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
अगले कुछ दिनों के लिए पूरे मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने कहा कि अगले 4-5 दिनों में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में और अगले 2-3 दिनों के दौरान कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग/ छिटपुट हल्की/ मध्यम वर्षा होने की संभावना है. अगले 5 दिनों के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होने की संभावना है.
उत्तरी राज्यों में शीतलहर
शीत लहर ने उत्तरी राज्यों को अपनी चपेट में ले लिया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा कि मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में शीत लहर चली, जहां रविवार को 18 स्थानों पर तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और नीचे गिर गया और यह स्थिति अगले दो से तीन दिनों तक बनी रहेगी.
बालाघाट जिले के मलाजखंड शहर में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नर्मदापुरम जिले के हिल स्टेशन पचमढ़ी में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 9.8, 11.6, 9.2 और 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
दो दिन थोड़ा ठंडा रहेगा मौसम
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि 18 केंद्रों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से और नीचे गिर गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल कार्यालय के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी के साहा ने कहा कि अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और अगले दो से तीन दिनों तक ठंड की स्थिति बनी रहेगी.