Weather Forecast 18 April 2026: मौसम का मिजाज पूरे देश में बदला हुआ है. 18 अप्रैल दिन शनिवार को जहां एक ओर बारिश और आंधी का दौर चलेगा, वहीं दूसरी तरफ कुछ राज्यों में भीषण गर्मी का असर भी बना रहेगा. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को 13 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में 18 अप्रैल से 20 अप्रैल की बीच बारिश होने की संभावना है.कई जगहों पर ओले गिरने की भी संभावना है. इस दौरान कुछ जगहों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं भी चल सकती हैं. आइए जानते हैं 18 अप्रैल को कहां और कैसा मौसम रहेगा?
क्या आज दिल्ली में होगी बारिश
दिल्ली में शुक्रवार शाम बारिश होने के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक 18 अप्रैल को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलेगी. मौसम विभाग ने शनिवार को गर्मी की चेतावनी जारी की है. दिल्ली में आने वाले दिनों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाएगा. 18 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
यूपी में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश (यूपी) के कई जिलों में शनिवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है. शनिवार को लखनऊ, कानपुर जिले में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कुछ जिलों में मौसम शुष्क भी रहेगा. वाराणसी, प्रयागराज और मिर्जापुर में मौसम शुष्क रहेगा.
बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को बिहार के कई जिलों में आंधी-बारिश आने की संभावना है. उधर, झारखंड में मौसम साफ रहेगा. मौसम विभाग ने 18 अप्रैल को बिहार के कई जिलों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया है. राजधानी पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में शनिवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. झारखंड के कुछ हिस्सों में 18 और 20 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है. IMD ने जिन जिलों में गर्मी बढ़ने की चेतावनी जारी की है, उनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, लातेहार और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं. इन 7 जिलों के लिए ऊष्म लहर के संबंध में येलो चेतावनी जारी की गई है.
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में शनिवार को बारिश होने की संभावना जारी की है. 18 और 19 अप्रैल कश्मीर के कई जिलों में बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 18 से 19 अप्रैल के बीच आंधी-बारिश होने की संभावना जताई है. ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी भी हो सकती है. देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर में बारिश हो सकती है. उधर, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश होगी. पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की वजह मनाली से लाहौल-स्पीति तक ठंड काफी बढ़ गई है.
इन राज्यों में गर्मी करेगी परेशान
तमिलनाडु में गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और रायलसीमा में भी तेज गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. पश्चिम बंगाल, केरल और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में अगले कई दिनों तक उमस भरा मौसम बना रहेगा. राजस्थान में गर्मी बढ़ेगी. अगले 12 घंटे में राज्य में अधिकतम तापमान बाड़मेर में सबसे अधिक 42.8 डिग्री तक जा सकता है. राज्य के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने व अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है.