Advertisement

Aaj Ka Mausam 23 April 2026: दिल्ली-यूपी और बिहार ही नहीं... इन राज्यों में भी गर्मी और लू से हाहाकार, कई जगहों पर पारा 42 डिग्री के पार, जानें अपने यहां के मौसम का हाल

Weather Update: घर से बाहर निकलते समय तेज धूप और प्रचंड गर्मी से सावधान रहें. मौसम विभाग ने 23 अप्रैल को दिल्ली, यूपी और बिहार ही नहीं बल्कि कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर आंधी-बारिश की भी संभावना है. ऐसे में आपके यहां गुरुवार को कैसा मौसम रहेगा? यहां जरूर जान लें.  

Weather Update (Photo: PTI)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 23 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 6:33 AM IST

Weather Forecast 23 April 2026: अप्रैल में ही सूर्य देवता आग उगल रहे हैं. कई जगहों पर पारा 42 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है. उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों के लोगों को प्रचंड गर्मी से अभी राहत मिलने की संभावना नहीं है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) 23 अप्रैल को दिल्ली, यूपी और बिहार ही नहीं बल्कि कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है. कई जगहों पर आंधी-बारिश की भी संभावना है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने ऐसे में लोगों से सावधान रहने की सलाह दी है. दोपहर में बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है. 

इन राज्यों में लू का अलर्ट 
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 से 4 दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में लू (हीटवेव) चलने की संभावना है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.  इन राज्यों के कई जगहों पर 24 से 26 अप्रैल के बीच लू चलने की संभावना है. इससे तापमान में काफी बढ़ोतरी होगी. 

इन जगहों पर हो सकती है बारिश 
मौसम विभाग के मुताबिक 24 से 28 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है. दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 26 से 28 अप्रैल के बीच बारिश हो सकती है. पूर्वी भारत के कई राज्यों में 28 अप्रैल तक मौसम बदला-बदला नजर आएगा. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना  है. झारखंड में 24 से 26 अप्रैल और ओडिशा में 22 से 26 अप्रैल तक हल्की बारिश की संभावना है. बिहार में 24 से 26 अप्रैल के बीच आंधी-तूफान आने की संभावना है.  दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में 26 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. पश्चिम भारत स्थित महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर 24 अप्रैल तक ओलावृष्टि और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है.

दिल्ली-एनसीआर के लोग गर्मी के लिए रहें तैयार
मौसम विभाग के मुताबिक 23 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा. कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है. दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को तापमान  41 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने 24 अप्रैल से दिल्ली में लू चलने की चेतावनी जारी की है. इस दौरान तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. 25 अप्रैल से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. 26 से 28 अप्रैल तक हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावन है. 

यूपी में लू का अलर्ट 
उत्तर प्रदेश (यूपी) में प्रचंड गर्मी जारी है. अप्रैल में ही कई शहरों में तापमान 40-45°C तक पहुंच गया है. मौसम विभाग के मुताबिक 23 से 26 अप्रैल के बीच राज्य के कई जिलों में भीषण लू सकती है. जिन जिलों में लू चलने की संभावना है, उनमें प्रयागराज, वाराणसी, भदोही, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली,  जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, अयोध्या, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, पीलीभीत और शाहजहांपुर शामिल हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 26 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में कुछ बदलाव आ सकता है. बादलों की आवाजाही बढ़ने से तापमान में हल्की गिरावट और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

बिहार में आज हीटवेव चलने की चेतावनी 
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में 23 अप्रैल को लू यानी हीटवेव चलने की संभावना व्यक्त की है. इस दौरान पटना का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार के बाद अगले दो से तीन दिनों तक आंधी और बारिश का दौर शुरू होगा. कई जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना है. इस दौरान 50-60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है. बारिश होने से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement