Weather Update: छाएंगे बादल और कड़केगी बिजली, आज यूपी-बिहार सहित 17 राज्यों में तेज हवाओं के साथ होगी बारिश, जानें दिल्ली-एनसीआर संग अन्य जगहों पर कैसा रहेगा मौसम?

25 June 2026 Aaj ka Mausam: देश के अधिकतर राज्यों में मॉनसून पहुंच चुका है. कई जगहों पर बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 25 जून को यूपी-बिहार सहित 17 राज्यों में बिजली कड़कने और आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है. यहां आप जान सकते हैं गुरुवार को कहां और कैसा मौसम रहेगा?  

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:24 AM IST

Weather Forecast: देश के अधिकतर राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. कहीं मूसलाधार बारिश हो रही है तो कहीं गर्मी से लोग परेशान हैं. मॉनसून कई राज्यों में पहुंच चुका है. अब  वह तेजी से उत्तर और पूर्वी भारत की तरफ बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 25 जून को यूपी-बिहार सहित 17 राज्यों में बिजली कड़कने और आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कई जगहों पर 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी. 

पूर्वी राज्यों में ओले गिरने और वज्रपात की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है. महाराष्ट्र में 25 और 26 जून को तेज बारिश और आंधी का अलर्ट है. पूर्वोत्तर राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा में मॉनसून की वजह से ज्यादातर जगह तेज बारिश का दौर जारी रहेगा. दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, पुडुचेरी, कराईकल, आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा में बारिश का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने 25 जून को केरल, माहे, लक्षद्वीप में आंधी-तूफान और बिजली कड़ने का अलर्ट जारी किया है.

इन राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट  
मौसम विभाग ने 25 जून दिन गुरुवार को 17 राज्यों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. जिन राज्यों में गुरुवार को बारिश होने की संभावना है, उनमें यूपी, बिहार, झारखंड, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल शामिल हैं. 

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम 
दिल्ली-एनसीआर में बुधवार की देर शाम बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 25 जून को मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इस दौरान कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. 25 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. दिल्ली-एनसीआर में 26 और 27 जून को भी अचानक मौसम के बिगड़ने की संभावना है. आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दोपहर या शाम के समय आंधी-तूफान, बिजली कड़कने के साथ हल्की बारिश की संभावना है. 26 जून, 27 जून और 28 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है. 28 जून को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा. मौसम विभाग ने 29 जून को दिल्ली-एनसीआर में एकबार फिर मौसम के करवट लेने की संभावना जताई है. 29 जून को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश की संभावना है.

यूपी में भारी बारिश-तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश (UP) के कई जिलों में 25 जून और 26 जून को भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है. यूपी के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, झांसी, फिरोजाबाद, कानपुर, ललितपुर, हमीरपुर, हापुड़, आजमगढ़, पीलीभीत और रायबरेली शामिल हैं. बारिश के दौरान कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है. गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहेगा.

बिहार में आज और कल बारिश का अलर्ट 
मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में 25 और 26 जून को आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है. बिहार के जिन जिलों में बारिश होने की संभावना है, उनमें गया, भागलपुर, दरभंगा, वैशाली, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, नालंदा, गोपालगंज, सुपौल, पूर्णिया, सीतामढ़ी, सिवान, सारण, समस्तीपुर और मधुबनी शामिल हैं. बारिश के दौरान कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी. गुरुवार  को पटना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.

झारखंड में बारिश और तूफान की चेतावनी 
मौसम विभाग ने झारखंड  में 25 जून को बारिश और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है. झारखंड की राजधानी रांची सहित जमेशदपुर, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, जामताड़ा, पलामू, दुमका, लातेहार और रामगढ़ में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी. गुरुवार को रांची में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. 


 

Read more!

RECOMMENDED