25 May 2026 Weather Update: कहीं तापमान 45 डिग्री के पार... तो कहीं बारिश की बौछार, जानें आज आपके राज्य का कैसा रहेगा मौसम?

Aaj ka Mausam: देश के कई राज्यों में 25 मई को मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिलेगा. कहीं प्रचंड गर्मी पड़ेगी तो कहीं आंधी-बारिश की संभवाना है. मौसम विभाग ने सोमवार को 15 राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना व्यक्त की है. यहां आप अपने राज्य के मौसम का हाल जान सकते हैं.

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:29 AM IST

Weather Today: देश के कई राज्यों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है. दिल्ली-एनसीआर, यूपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार कर गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक देश के कई राज्यों में 25 मई को मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिलेगा. कहीं प्रचंड गर्मी पड़ेगी तो कहीं आंधी-बारिश की संभवाना है. 

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी राज्यों और दक्षिण भारत में सोमवार को आंधी और बारिश की संभावना है. उधर, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्यों में प्रचंड गर्मी और लू का कहर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने सोमवार को 15 राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना व्यक्त की है. असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मिजोरम और त्रिपुरा में सोमवार को बारिश होने की संभावना है. इन राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. साउथ इंडिया के राज्यों में भी बारिश का अलर्ट है. केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और पुडुचेरी में सोमवार को बारिश हो सकती है. इन राज्यों में आंधी आने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने किसानों और मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी है. 

दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत नहीं 
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 25 मई से 28 मई तक लू का अलर्ट जारी किया है. हालांकि बीच-बीच में तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है. हल्की बूंदाबांदी से भी लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है क्योंकि दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करती रहेंगी.

यूपी में मौसम का डबल अटैक
उत्तर प्रदेश (यूपी) में सोमवार को मौसम का डबल अटैक देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई को कहीं बारिश होने की संभावना है तो कहीं लू चलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक 25 से 29 मई के बीच मेरठ, शामली, बुलंदशहर, सहारनपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश होने की संभवना है. उधर, पूर्वी और पश्चिमी यूपी में लू चलने की संभवना है. मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, आगरा, गोरखपुर और झांसी में गर्मी के साथ धूलभरी हवाएं और कहीं-कहीं बारिश देखने को मिल सकती है.

बिहार में कहीं पड़ेगी गर्मी तो कहीं होगी बारिश
बिहार के लोग इन दिनों मौसम का दोहरी मार झेल रहे हैं. किसी जिले में प्रचंड गर्मी पड़ रही है तो किसी जिले में बारिश हो रही है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक 25 मई को बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने 5 जिलों में येलो और 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर या शाम होते-होते तेज हवाओं के साथ भयंकर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. 

उधर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के कुछ हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और बेहद गर्म बना रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को किशनगंज और पूर्णिया जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है. सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, कटिहार, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और कटिहार में तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण जिलों में आंधी-पानी का येलो अलर्ट है. उधर, गया, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद और अरवल जिलों में तीव्र लू चलने की संभावना है. इन जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. 26 मई को भी औरंगाबाद, भभुआ, बक्सर और रोहतास जिलों में लू की स्थिति बनी रहेगी. 

राजस्थान और मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम 
राजस्थान और मध्य प्रदेश में अगले तीन दिनों तक प्रचंड गर्मी पड़ने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान में 26 और 27 मई को तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. उधर, मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. सतना, रीवा, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, दतिया, भिंड, मऊगंज, कटनी, दमोह, निवाड़ी, मैहर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, पांढुर्णा, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन, आगर, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर और नरसिंहपुर में लू का अलर्ट है.


 

Read more!

RECOMMENDED