Weather Today, 01 February 2026: दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी! तेज आंधी के साथ बारिश होने की आशंका

Weather Today, 01 February 2026: मौसम विभाग ने पहले तीन दिनों तक लगातार बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन अब 2 फरवरी के लिए बारिश का अनुमान हटा लिया गया है. यानी बारिश मुख्य रूप से आज, 1 फरवरी को ही कुछ इलाकों तक सीमित रह सकती है.

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 01 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 6:52 AM IST

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर के मौसम को लेकर पहले जारी चेतावनी में बीते 24 घंटों के दौरान अहम बदलाव किए हैं. 31 जनवरी को विभाग ने बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन पूरे दिन क्षेत्र में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई. इसकी जगह तेज, ठंडी और बर्फीली हवाएं चलती रहीं. नोएडा में दिन के समय धूप खिली रही, दिल्ली में भी आसमान साफ रहा, जबकि गाजियाबाद में कड़ाके की ठंड के साथ दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा. रात के समय कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर देखने को मिली.

आज के लिए येलो अलर्ट जारी
IMD ने 1 फरवरी के लिए दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट जारी किया है. ताजा और अधिक सटीक पूर्वानुमान के मुताबिक, आज क्षेत्र के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी आशंका है. आंधी-तूफान के साथ बारिश का सिलसिला शुरू होगा, जो कहीं हल्का तो कहीं तेज हो सकता है.

बारिश के अनुमान में संशोधन
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में एक और बड़ा अपडेट किया है. पहले तीन दिनों तक लगातार बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन अब 2 फरवरी के लिए बारिश का अनुमान हटा लिया गया है. यानी बारिश मुख्य रूप से आज, 1 फरवरी को ही कुछ इलाकों तक सीमित रह सकती है. 3 फरवरी से 6 फरवरी के बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है और तापमान लगभग स्थिर बना रह सकता है.

2–3 फरवरी तक कहां होगी बारिश
स्काईमेट वेदर प्राइवेट लिमिटेड के मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, शनिवार रात से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश शुरू हो सकती है. इसके बाद बारिश की तीव्रता बढ़ेगी और पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ मध्य प्रदेश के कई जिलों में 3 फरवरी तक बारिश होने की संभावना है. राजस्थान में हल्की बारिश ही होगी, जबकि गुजरात और महाराष्ट्र में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि बादल छाए रह सकते हैं. इस दौरान न्यूनतम तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जबकि पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और दक्षिण भारत में मौसम शुष्क बना रहेगा. 

ये भी पढ़ें

Read more!

RECOMMENDED