Weather Today, 10 February 2026: दिल्ली में आज छाएंगे बादल, तो वहीं यूपी में धूप से कम होगी ठंड.. जानें अपने राज्य का हाल

Weather Today, 10 February 2026: मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है. कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

Weather Update
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 10 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 6:43 AM IST

लगातार कई दिनों से निकल रही तेज धूप के कारण उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मौसम में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है. सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बना हुआ है, लेकिन दिन में कड़ाके की ठंड से लोगों को राहत मिल रही है. तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे सर्दी का असर कमजोर पड़ता नजर आ रहा है.

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बिगड़ सकता है. इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है. कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों के अलावा देश के अन्य हिस्सों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

दिल्ली-एनसीआर का मौसम अपडेट
दिल्ली-एनसीआर में 10 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जबकि रात के समय घना कोहरा देखने को मिलेगा. इस दिन अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हवाएं 5 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. वहीं 11 और 12 फरवरी को मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्की धुंध बनी रह सकती है.

उत्तर प्रदेश में सर्दी से राहत
उत्तर प्रदेश में दिन के समय तेज धूप निकलने से ठंड का असर काफी कम हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य बना रहेगा. हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी तक सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है. न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.

बिहार में तापमान बढ़ने के संकेत
बिहार में भी अब ठंड का असर धीरे-धीरे कम होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल किसी बड़ी मौसम गतिविधि के संकेत नहीं हैं. हालांकि 10 फरवरी को कुछ इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है. आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी के आसार जताए गए हैं.

राजस्थान में सर्दी का असर बरकरार
राजस्थान के कई हिस्सों में अभी भी कड़ाके की ठंड जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में अगले सात दिनों तक किसी बड़ी मौसम गतिविधि की संभावना नहीं है. पश्चिमी राजस्थान में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है, जबकि उत्तर-पश्चिमी इलाकों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है.

ये भी पढ़ें

Read more!

RECOMMENDED