देशभर में कड़ाके की ठंड के बीच अब मौसम ने अचानक करवट ले ली है. कई शहरों में तेज बारिश और तूफानी हवाओं की वजह से सड़कों पर जगह-जगह जलभराव देखने को मिल रहा है. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने नया अलर्ट जारी कर दिया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है.
IMD के अनुसार, अगले 12 घंटे के भीतर 8 राज्यों में तेज बारिश और तूफान की संभावना काफी ज्यादा बनी हुई है. वहीं पहाड़ी इलाकों में भी मौसम और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकता है. खास बात यह है कि बारिश का यह सिलसिला अगले 48 घंटे तक जारी रह सकता है.
इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन 8 राज्यों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है, उनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, तमिलनाडु और केरल शामिल है. इस दौरान 55 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है.
पहाड़ों में और बढ़ेगी मुश्किल
IMD ने बताया है कि पहाड़ी राज्यों में मौसम का असर ज्यादा गंभीर हो सकता है. खासकर 26 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की चेतावनी फिर से जारी की गई है.
दिल्ली में आज बारिश नहीं, लेकिन ठंड रहेगी तीखी
दिल्ली में 24 जनवरी को बारिश की संभावना नहीं है और मौसम साफ रहने की उम्मीद है. हालांकि सुबह के वक्त तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर ज्यादा रहेगा. दिल्ली का अनुमानित तापमान अधिकतम 17°C रहेगा, तो वहीं न्यूनतम तापमान 5°C रहेगा. 23 जनवरी को दिल्ली में तेज बारिश हुई थी, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई थी.
यूपी में आज भी बरसात का मूड
उत्तर प्रदेश में 24 जनवरी को भी मौसम बिगड़ सकता है. IMD ने कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है. इसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. लखनऊ, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, हापुड़, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, मथुरा और आगरा में बरसात की संभावना जताई गई है. लोगों से अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें.
बिहार में बादल, शीतलहर और घना कोहरा
बिहार में भी मौसम बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. पटना और आसपास के इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं, जबकि सीमांचल और मिथिलांचल में ठंड का असर बना रहेगा.
उत्तराखंड में 24 जनवरी को भी मौसम चिंता बढ़ा सकता है. IMD के मुताबिक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. अलर्ट वाले जिलों में रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ शामिल हैं.