देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है. जहां एक ओर दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाने वाली है, वहीं कुछ राज्यों में आंधी और हल्की बारिश राहत दे सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 21 अप्रैल मंगलवार को उत्तर भारत में लू का असर देखने को मिलेगा, जबकि पहाड़ी और कुछ मध्य क्षेत्रों में मौसम सुहावना हो सकता है. तो चलिए आपको बताते हैं कि आज कैसा रहेगा मौसम का हाल.
दिल्ली-एनसीआर में लू का असर
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को गर्मी अपने चरम पर रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहेगा. तेज धूप और दिनभर चलने वाली गर्म हवाएं लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा सकती हैं. खासकर दोपहर के समय हीटवेव का खतरा अधिक रहेगा. ऐसे में लोगों को जरूरी काम के बिना बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. हल्के और ढीले कपड़े पहनने, सिर को ढककर रखने और पर्याप्त पानी पीने की जरूरत है.
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बदलेगा मौसम
पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है. राजस्थान के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में भी मौसम बदल सकता है और कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. हालांकि पश्चिमी राजस्थान में गर्म और शुष्क मौसम जारी रहेगा.
मध्य और पहाड़ी राज्यों में राहत
मध्य प्रदेश के कई शहरों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है. वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और मौसम सुहावना रहेगा.
पश्चिम और दक्षिण भारत का हाल
मुंबई में आसमान साफ रहेगा लेकिन उमस लोगों को परेशान कर सकती है. महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच सकता है. गुजरात में भी तेज गर्मी का असर रहेगा और तापमान 39 से 42 डिग्री के बीच रह सकता है.
दक्षिण भारत के तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हीटवेव का खतरा बना हुआ है. कई शहरों में तापमान 40 से 43 डिग्री तक जा सकता है. वहीं केरल में हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन उमस बनी रहेगी.
ये भी पढ़ें: