मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का दौर देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 राज्यों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
बंगाल की खाड़ी में बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र
IMD के मुताबिक पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसका असर उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों में भी दिखाई दे सकता है. इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार के निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. दक्षिण गुजरात से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है. वहीं दक्षिण तेलंगाना से मन्नार की खाड़ी तक भी ट्रफ मौजूद है. इन मौसमी सिस्टम के कारण कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर बन सकता है.
इन 24 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
IMD ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, असम, नगालैंड, त्रिपुरा और मिजोरम में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को घर से निकलने से पहले मौसम की जानकारी देखने की सलाह दी है. मछुआरों को खराब मौसम के दौरान समुद्र में नहीं जाने की हिदायत दी गई है.
दिल्ली में 10 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 10 सितंबर को बारिश की संभावना है. मौसम का असर 14 सितंबर तक बने रहने की उम्मीद है. आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
यूपी में तेज हवाओं के साथ बारिश
उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर, देवरिया, शाहजहांपुर, बहराइच, सोनभद्र, बलरामपुर, चंदौली, मिर्जापुर और उन्नाव समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लखनऊ में तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बिहार, एमपी और राजस्थान में भी अलर्ट
बिहार के पटना, सिवान, सारण, वैशाली, मधुबनी, अररिया, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार और दरभंगा समेत कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. यहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है.
मध्य प्रदेश के गुना, नर्मदापुरम, इंदौर, भोपाल, देवास, खंडवा, उज्जैन और श्योपुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवाओं का अलर्ट है. राजस्थान के जयपुर, अजमेर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर और चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना है.
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, किन्नौर, सोलन और कांगड़ा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. उत्तराखंड के ऋषिकेश, हरिद्वार, नैनीताल, देहरादून, चमोली और बागेश्वर में भी तेज बारिश का अलर्ट है. झारखंड के रांची, धनबाद, हजारीबाग, जमशेदपुर और बोकारो समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.
बंगाल और ओडिशा में भी बिगड़ेगा मौसम
पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, दार्जिलिंग, नादिया और अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. ओडिशा के बालासोर, सुंदरगढ़, कटक, पुरी, खुर्दा, गंजाम और मयूरभंज समेत कई जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: